मुंबई, 30 अप्रैल (भाषा) मुंबई में 2008 में हुए आतंकवादी हमले समेत कई चर्चित मामलों की जांच में शामिल रहे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी देवेन भारती ने बुधवार को मुंबई पुलिस के नए आयुक्त का पदभार संभाल लिया।
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1994 बैच के अधिकारी भारती ने विवेक फणसालकर का स्थान लिया, जो 35 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं।
शाम को कार्यभार संभालने के तुरंत बाद भारती (56) ने पुलिसिंग, अपराध की रोकथाम और अपराधों का पता लगाने के मामले में पुरजोर प्रयास करने का वादा किया।
उन्होंने कहा, ‘मैं सभी मुंबई वासियों को प्रभावी पुलिस सेवा देने का प्रयास करूंगा। हम हरेक व्यक्ति को पुलिस सेवा और सुरक्षा प्रदान करने का प्रयास करेंगे। जहां भी कमी होगी, हम प्रौद्योगिकी की मदद से उसे दूर करने की कोशिश करेंगे।”
भारती मुंबई पुलिस के विशेष आयुक्त के रूप में कार्यरत थे, यह पद 2023 में महायुति की पहली सरकार ने सृजित किया था।
एक अधिकारी ने बताया कि राज्य के गृह विभाग ने भारती की नियुक्ति के संबंध में आदेश जारी किया है, लेकिन पद का दर्जा घटाकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) कर दिया है।
मुंबई पुलिस आयुक्त का प्रतिष्ठित पद पारंपरिक रूप से एडीजीपी रैंक का रहा है, लेकिन हाल की कुछ नियुक्तियों में इसे बढ़ाकर डीजी (महानिदेशक) रैंक तक कर दिया गया है।
अपने तीन दशक लंबे करियर के दौरान भारती ने महाराष्ट्र और केंद्र में विभिन्न पदों पर काम किया है।
उन्होंने महानगर में 50,000 कर्मियों वाले पुलिस बल में विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है, जिसमें संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था), अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) और पुलिस उपायुक्त (अपराध) के पद शामिल हैं।
उन्होंने राज्य पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) के रूप में सेवा देने के अलावा महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) का भी नेतृत्व किया है।
भारती कई चर्चित मामलों की जांच का हिस्सा रहे हैं, जिनमें 26/11 का मुंबई आतंकवादी हमला भी शामिल है। इस हमले में 166 लोग मारे गए थे। इसके अलावा वह 2011 में पत्रकार जे. डे की हत्या और फरीद तनाशा मामले की भी जांच कर चुके हैं।
उन्हें आतंकवादी संगठन इंडियन मुजाहिद्दीन पर नकेल कसने का श्रेय दिया जाता है, जो महाराष्ट्र और गुजरात समेत देश में कई बम विस्फोटों के लिए जिम्मेदार था।
भारती साइबर और वित्तीय अपराधों से निपटने में भी माहिर हैं।
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.