वाराणसी (उत्तर प्रदेश), तीन अप्रैल (भाषा) नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा रविवार को वाराणसी पहुंचे और उन्होंने काल भैरव तथा काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की।
देउबा ने अपनी पत्नी आरजु राणा देउबा के साथ काशी के कोतवाल काल भैरव मंदिर, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं ललिता घाट स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन पूजन किया और इसके बाद ताज होटल में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक की।
इस दौरान देउबा के साथ आए प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ”मेरा व्यक्तिगत लगाव नेपाल के साथ है और नेपाली नागरिकों के प्रति हमारे देशवासियों में सद्भाव, सम्मान व लगाव रहता है।”
योगी ने कहा, ”दोनों देशों के बीच संवाद होना चाहिए, संवाद सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के साथ जुड़कर व विकास के संबंध में होना चाहिए और यह दोनों देशों की जनता भी चाहती है।”
उन्होंने कहा, ‘‘काशी-काठमांडू तथा अयोध्या-जनकपुर सिस्टर सिटी हैं। साझी विरासत के साथ हम विकास की गति आगे बढ़ा सकते हैं।”
योगी ने कहा, ‘‘हमारे देश के हिंदू धर्मावलंबी नेपाल के काठमांडू में पशुपतिनाथ मंदिर, जनकपुर में मां जानकी के मंदिर में दर्शन के लिए लालायित रहते हैं। नेपाल के नागरिक काशी व अयोध्या में आकर दर्शन को इच्छुक रहते हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा व उनके विजन के अनुसार बौद्ध व रामायण सर्किट की योजना को आगे बढ़ाने के लिए अध्यात्म और सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाया जा सकता है। साथ ही साथ विकास की गति में भी तेजी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम मिलकर आगे बढ़ेंगे, तो दोनों देश अपने नागरिकों के आस्था व विकास तथा रोजगार की संभावनाओं पर कार्य कर सकते हैं।’’
गौरतलब है कि देउबा अपनी पत्नी आरजू राणा देउबा और प्रतिनिधिमंडल दल के साथ रविवार को एक-दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की। इस दौरान स्कूल के बच्चों ने भारत और नेपाल के झंडे लहराकर उनका स्वागत किया।
देउबा अपनी पत्नी के साथ काल भैरव मंदिर पहुंचे, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में दर्शन पूजन करने के बाद वह सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां डमरुओं के स्वर और पुष्प वर्षा के बीच प्रधानमंत्री शेर बहादुर का स्वागत किया गया।
नेपाल के प्रधानमंत्री ने वैदिक रीति रिवाज से भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। पूजन के बाद नेपाली प्रधानमंत्री को एक लघु फिल्म के जरिये काशी विश्वनाथ धाम के इतिहास व निर्माण के बारे में जानकारी दी गयी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा को गुलाबी मीनाकारी से निर्मित गणेश जी की प्रतिमा एवं सिल्क का दुपट्टा तथा उनकी पत्नी आरजू राणा देउबा को बनारसी सिल्क की साड़ी भेंट कर स्वागत, अभिनंदन एवं सम्मान किया।
नेपाल के प्रधानमंत्री के वाराणसी आगमन पर उनके स्वागत में संस्कृति विभाग द्वारा हवाई अड्डे से श्री काशी विश्वनाथ धाम एवं ताज होटल तक कुल 15 स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
भाषा सं सलीम आनन्द सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
