scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री की पत्नी की शिकायत के बाद डिजाइनर अनिष्का गिरफ्तार

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री की पत्नी की शिकायत के बाद डिजाइनर अनिष्का गिरफ्तार

Text Size:

मुंबई, 16 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस की शिकायत के बाद बृहस्पतिवार को पुलिस ने डिजाइनर अनिष्का अनिल जयसिंघानी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यहां यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि अमृता ने एक आपराधिक मामले में हस्तेक्षप के लिए पैसे की पेशकश करने और धमकाने के आरोप में डिजाइनर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में जयसिंघानी के पिता भी आरोपी हैं और वह फरार हैं।

अधिकारी ने बताया कि अमृता की शिकायत पर 20 फरवरी को मालाबार हिल थाने में महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी, जिसकी पहचान अनिष्का के रूप में हुई है।

प्राथमिकी के अनुसार, अनिष्का पिछले 16 महीने से अमृता के संपर्क में थी और उनके घर भी जाती थी।

पुलिस को दिए अपने बयान में अमृता ने कहा कि वह अनिष्का से पहली बार नवंबर 2021 में मिली थीं।

मालाबार हिल थाने के अधिकारी ने कहा कि अनिष्का ने दावा किया कि वह डिजाइनर है और वस्त्र, आभूषण तथा जूते डिजाइन करती है। उसने उपमुख्यमंत्री फडणवीस की पत्नी से सार्वजनिक कार्यक्रमों में इन्हें पहनने का अनुरोध किया था, ताकि उसके उत्पादों को बढ़ावा देने में मदद मिले।

अधिकारी ने कहा कि अनिष्का ने कथित तौर पर अमृता को बताया कि उसकी मां की मौत हो चुकी है और वह अपने परिवार की देखभाल कर रही है।

अधिकारी ने कहा कि अमृता का विश्वास हासिल करने के बाद, अनिष्का ने कुछ सटोरियों के बारे में जानकारी देने की पेशकश की और दावा किया कि इससे वे पैसे कमा सकती हैं।

अधिकारी ने कहा कि इसके बाद उसने अपने पिता को एक पुलिस मामले में बचाने के लिए अमृता को सीधे तौर पर एक करोड़ रुपये की पेशकश की।

अधिकारी ने कहा कि अमृता ने पुलिस को बताया कि वह अनिष्का के व्यवहार से परेशान थीं और उन्होंने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया।

इसके बाद महिला ने कथित तौर पर अमृता को एक अज्ञात नंबर से वीडियो क्लिप, वॉयस संदेश और कई लिखित संदेश भेजे।

अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए कहा कि अनिष्का और उसके पिता ने अप्रत्यक्ष रूप से अमृता को धमकी दी और उनके खिलाफ साजिश रची। शहर की पुलिस ने अनिष्का और उसके पिता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पत्नी अमृता फडणवीस को रिश्वत देने और ब्लैकमेल करने के प्रयास से संबंधित मामले में उचित जांच की जाएगी।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजित पवार द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने के बाद फडणवीस ने यह बात कही। पवार ने खबरों में आए इस मामले के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी।

उपमुख्यमंत्री ने सदन को बताया, “सरकार बदलने के बाद, डिजाइनर ने सटोरियों के साथ अपने संपर्कों के बारे में बात की। उसने दावा किया कि वह जानकारी साझा करेगी और अधिकारियों द्वारा छापे मारे जाने के बाद, उसे दोनों पक्षों से पैसे मिलेंगे।”

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments