scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशउपमुख्यमंत्री संघवी ने गुजरात के ‘मिनी कुंभ’ में भवनाथ मंदिर की वेबसाइट का उद्घाटन किया

उपमुख्यमंत्री संघवी ने गुजरात के ‘मिनी कुंभ’ में भवनाथ मंदिर की वेबसाइट का उद्घाटन किया

Text Size:

जूनागढ़, 13 फरवरी (भाषा) गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने जूनागढ़ स्थित भवनाथ मंदिर के लिए एक समर्पित वेबसाइट की शुरुआत की। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

विज्ञप्ति के मुताबिक, इस वेबसाइट के जरिये श्रद्धालु मुख्य आराध्य के ‘दर्शन’ की ‘लाइव स्ट्रीमिंग’ के साथ-साथ ठहरने की व्यवस्था, वाहन पार्किंग और चिकित्सा सेवाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।

विज्ञप्ति के अनुसार, उपमुख्यमंत्री ने बुधवार रात को वेबसाइट की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य भगवान शिव को समर्पित जूनागढ़ स्थित भवनाथ मंदिर में आयोजित महाशिवरात्रि के विशाल मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सहायता करना है। इस मेले को गुजरात के ‘मिनी कुंभ’ के नाम से जाना जाता है।

इसमें कहा गया कि महाशिवरात्रि के भव्य मेले के दौरान भगवान शिव के लाखों भक्तों के ‘ओम नमः शिवाय’ के जयकारे से पूरा पहाड़ी क्षेत्र भक्तिमय हो जाता है।

विज्ञप्ति में संघवी के हवाले से कहा गया है कि गिरनार की पवित्र भूमि पर उस समय ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला, जब साधु-संतों ने भव्य शोभायात्रा के साथ नगर में प्रवेश किया।

संघवी ने इस आयोजन के लिए किए जा रहे प्रयासों के वास्ते राज्य के प्रभारी मंत्रियों, सामाजिक नेताओं, संतों, महंतों और प्रशासन को बधाई दी।

उपमुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से गिरनार की पवित्र भूमि को साफ रखने की अपील की और उनसे आग्रह किया कि वे कूड़ा न फैलाएं या अस्वच्छ परिस्थितियां पैदा न करें।

राज्य का गृह विभाग भी संभाल रहे संघवी ने भवनाथ पुलिस थाने में ‘‘गिरनार सीसीटीवी कैमरा परियोजना’’ का उद्घाटन और इसका निरीक्षण भी किया।

विज्ञप्ति के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री ने गिरनार में तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जूनागढ़ जिला पुलिस द्वारा स्थापित सीसीटीवी कैमरा परियोजना का शुभारंभ किया। ध्वनि प्रणाली से लैस ये आधुनिक कैमरे तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायक होंगे।

महाशिवरात्रि मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघवी ने लोक गायक राजभा गढ़वी को उनकी भक्तिपूर्ण प्रस्तुति के लिए धन्यवाद दिया।

उन्होंने बिहार विधानसभा की सदस्य और लोक एवं शास्त्रीय गायिका मैथिली ठाकुर का भी गुजरात में स्वागत किया।

संघवी ने कहा, ‘‘आज आपको (ठाकुर को) भवनाथ मेले के बारे में पता चलेगा, जहां हजारों संत एकत्रित होते हैं, जिनकी दिव्य उपस्थिति वर्ष में केवल एक बार ही लोगों को प्राप्त होती है। मेरे हजारों साथी आज आपकी मधुर आवाज के साथ-साथ भगवान शिव की भक्ति में भी लीन होंगे।’’

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments