scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशजामिया, एसआरएफटीआई के प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगों पर ध्यान दिया जाए : माकपा सांसद

जामिया, एसआरएफटीआई के प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगों पर ध्यान दिया जाए : माकपा सांसद

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सांसद वी शिवदासन और जॉन ब्रिटास ने अधिकारियों से दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया और पश्चिम बंगाल के सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई) में विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगों पर तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है।

शिवदासन ने 21 अक्टूबर को जामिया के कुलपति मजहर आसिफ को लिखे पत्र में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे छात्रों से संवाद करने का आग्रह किया।

छात्र करीब दो दशक पहले भंग किए गए छात्रसंघ को बहाल करने और चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं।

शिवदासन ने शैक्षणिक सुविधाओं, उपस्थिति नीति, छात्रावासों की स्थिति, छात्रवृत्ति और शोधवृत्ति से जुड़ी छात्रों की चिंताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने छात्रों के शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने के अधिकार का सम्मान करने की अपील भी की।

ब्रिटास ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को लिखे पत्र में कहा कि छात्र 12 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों के निलंबन और निष्कासन तथा आंदोलन के दौरान कथित हिंसा पर चिंता जताई।

ब्रिटास ने कहा कि जामिया में छात्रसंघ के अंतिम चुनाव वर्ष 2005 में हुए थे और 2006 में छात्रसंघ को भंग कर दिया गया था। उन्होंने छात्रसंघ बहाल करने के लिए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की।

एसआरएफटीआई के संबंध में ब्रिटास ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और संस्थान के अध्यक्ष सुरेश गोपी से हस्तक्षेप का आग्रह किया। उन्होंने छात्रों पर कथित हमलों की स्वतंत्र जांच, अनुशासनात्मक कार्रवाई वापस लेने तथा छात्रावास, चिकित्सा सुविधा और बाधित कक्षाओं एवं प्रायोगिक कार्य को फिर से निर्धारित करने की मांग की।

भाषा

हक पवनेश पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments