scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशदिल्ली में एक पुलिसकर्मी से कहासुनी के बाद डिलीवरी एजेंट की गोली मारकर हत्या

दिल्ली में एक पुलिसकर्मी से कहासुनी के बाद डिलीवरी एजेंट की गोली मारकर हत्या

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस के एक ‘हेड कांस्टेबल’ के साथ यहां देर रात हुई कहासुनी के दौरान एक कंपनी के डिलीवरी एजेंट की बेहद करीब से गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि इस घटना में उसका दोस्त घायल हो गया। गोली उसके शरीर को भेदते हुए उसके दोस्त को लग गई।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि यह घटना शनिवार को आधीरात के बाद उस समय हुई जब पीड़ित और उसका दोस्त जाफरपुर कलां गांव में एक सड़क पर खड़े थे और आरोपी नीरज ने कथित तौर पर उनसे बहस के बाद गोली चला दी।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि नीरज दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल है। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की।

पुलिस के अनुसार, जाफरपुर कलां थाने को देर रात करीब 2:30 बजे एक अस्पताल से सूचना मिली कि गोली लगने से घायल दो व्यक्तियों को भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक को मृत घोषित कर दिया गया।

मृतक की पहचान पांडव कुमार (21) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक की पहचान कृष्ण के तौर पर हुयी है।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों अपने दोस्त के घर पर दो साल के बच्चे की जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए थे।

इसमें लिखा है कि उत्सव के बाद पीड़ित लोग जाने से पहले सड़क पर पार्टी के आयोजकों के साथ बातचीत कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि सड़क के दूसरी ओर रहने वाला नीरज नीचे आया और उनसे बहस करने लगा। कहासुनी के दौरान उसने कथित तौर पर कुमार पर गोली चलाई। उसने बताया कि बहुत करीब से सीने पर गोली मारी गई थी।

बयान में कहा गया है, ‘गोली कुमार की छाती को भेदते हुए उनके शरीर से बाहर निकल गई और मोटरसाइकिल पर उनके पीछे बैठे कृष्ण के पेट के दाहिने हिस्से में जा लगी।’

दोनों को तत्काल नजीदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां कुमार को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि कृष्ण का इलाज चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

घटना के बाद परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग जाफरपुर कलां थाने पर जमा हो गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी व कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने बताया कि नीरज हरियाणा के रोहतक जिले के महम में स्थित बहू अकबरपुर गांव का रहने वाला है और पिछले 15 वर्षों से अकेला रह रहा है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा

शुभम रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments