scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशदिल्ली में तापमान में वृद्धि का सिलसिला जारी, अगले हफ्ते तक पारा 40 डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान

दिल्ली में तापमान में वृद्धि का सिलसिला जारी, अगले हफ्ते तक पारा 40 डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान

Text Size:

नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में वृद्धि का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है।

सफदरजंग केंद्र पर अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। यह एक दिन पहले की तुलना में 1.9 डिग्री अधिक रहा।

न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम है, हालांकि यह एक दिन पहले की तुलना में 2.3 डिग्री अधिक रहा।

अन्य मौसम केंद्रों पर भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

पालम में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार की तुलना में 2.6 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले से 3.9 डिग्री अधिक है। लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में 2.6 डिग्री अधिक है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार तक न्यूनतम तापमान लगभग 18-20 डिग्री सेल्सियस और मंगलवार तक 20-22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

आईएमडी के मुताबिक अधिकतम तापमान रविवार तक लगभग 35-37 डिग्री सेल्सियस और अगले बुधवार तक 38-40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि रविवार को 15-25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ समय 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं।

इस बीच, शहर के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में शनिवार सुबह सुधार देखा गया। 24 घंटे का औसत एक्यूआई शाम चार बजे 123 (मध्यम) दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को इसी समय यह 151 (मध्यम) था।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने एक्यूआई के अगले कुछ दिनों तक मध्यम श्रेणी में रहने का पूर्वानुमान लगाया है।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments