scorecardresearch
Saturday, 28 November, 2026
होमदेशदिल्ली की वायु गुणवत्ता में तेजी से गिरावट आई, एक्यूआई 293 दर्ज

दिल्ली की वायु गुणवत्ता में तेजी से गिरावट आई, एक्यूआई 293 दर्ज

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 नवंबर (भाषा) दिल्ली की वायु गुणवत्ता में शनिवार को तेज गिरावट दर्ज की गई। प्रतिकूल मौसम और वाहनों से निकलने वाले उत्सर्जन के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) पिछले दिन के मुकाबले 67 अंक बढ़कर 293 पर पहुंच गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

आंकड़े दर्ज करने वाले 59 निगरानी केंद्रों में से 29 में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’, 29 में ‘खराब’ और एक में ‘मध्यम’ श्रेणी में रही। चांदनी चौक में सबसे अधिक 388 एक्यूआई दर्ज किया गया।

शनिवार को दर्ज एक्यूआई 14 नवंबर के बाद सबसे अधिक रहा, जब यह 367 पर पहुंच गया था, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।

इसके बाद से दिल्ली में वायु गुणवत्ता लगातार ‘खराब’ श्रेणी में रही और पिछले सप्ताह इसमें धीरे-धीरे सुधार देखा गया। एक्यूआई 25 नवंबर को 220, 26 नवंबर को 224 और 27 नवंबर को 226 दर्ज किया गया था, लेकिन शनिवार को इसमें तेज उछाल आया और यह 293 पर पहुंच गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण वायु गुणवत्ता में गिरावट आई।

आईएमडी की वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली ने अनुमान जताया है कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता 29 नवंबर को ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंच सकती है और 30 नवंबर को भी इसी श्रेणी में बनी रह सकती है। इसके बाद एक दिसंबर को इसके फिर से ‘खराब’ श्रेणी में आने का अनुमान है।

अगले छह दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, वायु गुणवत्ता ‘खराब’ से ‘बेहद खराब’ श्रेणी के बीच रह सकती है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments