scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशदिल्ली पुलिस ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया

दिल्ली पुलिस ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने सेवानिवृत्त होने वाले अपने कर्मियों को बाद की जिंदगी के लिए तैयार करने के उद्देश्य से दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।

‘सेवानिवृत्ति के बाद जीवन’ शीर्षक से कार्यशाला का आयोजन दिल्ली पुलिस अकादमी द्वारा मुख्यालय में किया गया था, जिसमें अप्रैल से जून के बीच सेवानिवृत्त होने वाले 709 कर्मियों ने भाग लिया।

दिल्ली पुलिस प्रमुख सतीश गोलछा मंगलवार को समापन सत्र में उपस्थित रहे और उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद वित्तीय तैयारी और समग्र कल्याण के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, ‘यह चरण जीवन में एक बड़ा बदलाव लाता है। कर्मियों को शारीरिक रूप से सक्रिय, मानसिक रूप से सजग और सामाजिक रूप से जुड़े रहना चाहिए ताकि सेवानिवृत्ति के बाद का जीवन सार्थक हो सके।’

इस कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को वित्तीय नियोजन, स्वास्थ्य प्रबंधन और नए अवसरों के बारे में जानकारी देना था। साथ में कर्मियों को सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन में सहज एवं सार्थक रूप से परिवर्तन के लिए तैयार करना था।

बयान में कहा गया कि सत्रों में स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, वित्तीय योजना, निवेश जागरूकता एवं समग्र जीवन प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया

इसके मुताबिक, कर्मियों को यह भी बताया गया कि साइबर ठगी को लेकर भी वरिष्ठ नागरिकों को सतर्क रहना चाहिए।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments