scorecardresearch
Monday, 13 July, 2026
होमदेशमामूली कहासुनी के बाद पत्नी को गोली मारकर फरार हुआ दिल्ली पुलिस का जवान, तलाश जारी

मामूली कहासुनी के बाद पत्नी को गोली मारकर फरार हुआ दिल्ली पुलिस का जवान, तलाश जारी

मनीष भाटी 2022 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ था और फिलहाल पूर्वी जिले की एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड में तैनात था. उसकी पत्नी प्रियंका एक स्कूल टीचर थीं.

Text Size:

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस अपने ही एक जवान की तलाश कर रही है, जिसने सोमवार तड़के कथित तौर पर मामूली कहासुनी के बाद अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी.

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 3 बजे मनीष भाटी और उसकी पत्नी प्रियंका घर से बाहर निकले थे क्योंकि प्रियंका की तबीयत खराब हो गई थी.

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने दिप्रिंट को फोन पर बताया, “दोनों स्कूटी पर जा रहे थे. इसी दौरान दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. मनीष ने कल्याणपुरी में स्कूटी रोकी और अपनी पत्नी को गोली मार दी.”

पुलिस ने बताया कि आरोपी अभी फरार है. उसने प्रियंका के बाएं कॉलर बोन (हंसली) के नीचे गोली मारी थी.

मनीष भाटी और प्रियंका की शादी 2023 में हुई थी और दोनों विनोद नगर में रहते थे.

शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे और उनके रिश्ते में तालमेल की समस्या थी.

डीसीपी ने बताया, “पड़ोसियों ने हमें बताया कि दोनों छोटी-छोटी बातों पर झगड़ते थे, जैसे खाने का स्वाद ठीक न होना.”

डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि CCTV फुटेज में दोनों को रात करीब 2 बजे विनोद नगर स्थित घर से निकलते हुए देखा गया है.

एक चश्मदीद ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने पत्नी को गोली मारी और स्कूटी से मौके से फरार हो गया.

डीसीपी ने कहा, “हमें पता चला है कि भाटी ने प्रियंका को गोली मारने के बाद उसे सड़क पर छोड़ दिया और वहां से भाग गया. तब से वह फरार है.”

इसके बाद एक ऑटो चालक ने सड़क किनारे खून से लथपथ प्रियंका को देखा और उसे तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया. जानकारी के मुताबिक, अस्पताल ले जाते समय ऑटो चालक ने ही पुलिस को घटना की सूचना दी. पुलिस के अस्पताल पहुंचने तक डॉक्टरों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया.

आरोपी की तलाश के लिए पुलिस दिल्ली भर के CCTV फुटेज खंगाल रही है और उसे पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं. डीसीपी ने कहा, “हम दोनों के परिवार वालों से भी पूछताछ कर रहे हैं ताकि उनके वैवाहिक विवाद की वजह समझी जा सके.”

मनीष भाटी 2022 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ था और फिलहाल पूर्वी जिले की एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड में तैनात था. वहीं, 24 वर्षीय प्रियंका अशोक विहार के पास एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं.

पुलिस ने मनीष भाटी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)

share & View comments