नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने नवीन बाली गिरोह से जुड़े 22 वर्षीय एक संदिग्ध शूटर और हथियार आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया है तथा उसके पास से आठ पिस्तौल और 30 कारतूस बरामद किए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी से अलीपुर में प्रतिद्वंद्वी गोगी गिरोह के एक सदस्य की हत्या की कथित साजिश को नाकाम कर दिया गया।
उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने बताया कि आरोपी हर्ष को बृहस्पतिवार रात कश्मीरी गेट इलाके में चलाए गए अभियान के दौरान पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह से जुड़ा एक संदिग्ध शूटर हथियार लेकर अलीपुर जाने वाला है जहां वह प्रतिद्वंद्वी गिरोह के एक सदस्य को निशाना बना सकता है।
अधिकारी ने बताया कि इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने युधिष्ठिर सेतु के पास जाल बिछाया और देर रात करीब 11.55 बजे जब हर्ष सिविल लाइंस की ओर से स्कूटर पर आया तो उसे पकड़ लिया गया।
डीसीपी ने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से पांच कारतूसों के साथ अर्धस्वचालित पिस्तौल बरामद की। उन्होंने बताया कि उसके बैग की तलाशी लेने पर दो और अर्धस्वचालित पिस्तौल, पांच देसी कट्टे और 25 कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि स्कूटर के सत्यापन से पता चला कि इसके चोरी होने की शिकायत आदर्श नगर थाने में दर्ज है।
भट्ट के मुताबिक, पूछताछ के दौरान हर्ष ने खुलासा किया कि उसने नवीन बाली गिरोह के सदस्यों के निर्देश पर यमुनापार से हथियार और कारतूस हासिल किए थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बवाना, कंझावला और नरेला औद्योगिक क्षेत्र थानों में तीन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.