नयी दिल्ली, छह नवंबर (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में बर्तन कारखाने में शुक्रवार को 47-वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, व्यक्ति ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने खुद से आधे से भी कम उम्र की युवती के साथ संबंध खत्म होने को आत्महत्या की वजह बताया है।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान संदीप के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर का रहने वाला था। वह वहां अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था।
पुलिस के मुताबिक, वह अक्सर अपने एक दोस्त के घर जाता था, इस दौरान उसे दोस्त की 20-वर्षीय बेटी से लगाव हो गया।
पुलिस ने बताया कि वह युवती वजीरपुर के एक बर्तन कारखाने में काम करती है और दिल्ली में अकेली रहती है।
पुलिस के मुताबिक, संदीप अक्सर युवती को फोन करता था, लेकिन युवती ने कुछ समय पहले उससे बातचीत बंद कर दी थी, जिससे परेशान होकर वह बृहस्पतिवार को दिल्ली आया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को वह पेट्रोल की दो बोतलें लेकर कारखाने पहुंचा और युवती पर शादी का दबाव बनाने लगा, लेकिन जब युवती ने इनकार कर दिया, तो उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
कारखाने के कर्मचारियों ने व्यक्ति को बचाने की कोशिश करते हुए आग बुझाई और उसे दीप चंद बंधु अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुसाइड नोट में संदीप ने दावा किया कि युवती ने व्यक्ति से दोस्ती खत्म कर दी थी, जिसकी वजह से उसने आत्महत्या की।
पुलिस ने बताया कि युवती ने उसके साथ किसी भी तरह के संबंध में होने से इनकार किया है।
पुलिस के अनुसार, संदीप का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसके परिजन को सूचित कर दिया गया है।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.