scorecardresearch
Thursday, 9 July, 2026
होमदेशदिल्ली: बीते 10 महीने के मुकाबले सबसे ज्यादा साफ रही हवा, रिज क्षेत्र में सामान्य से अधिक हुई बारिश

दिल्ली: बीते 10 महीने के मुकाबले सबसे ज्यादा साफ रही हवा, रिज क्षेत्र में सामान्य से अधिक हुई बारिश

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) दिल्ली के रिज क्षेत्र में जुलाई में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। वहीं, बुधवार को राजधानी की हवा बीते 10 महीनों के मुकाबले सबसे साफ रही।

हालांकि, भारी बारिश के कारण शहर की सड़कों पर जलभराव और जाम के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, रिज मौसम केंद्र में एक जुलाई से आठ जुलाई सुबह 8.30 बजे तक 79.1 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि के लिए दीर्घकालिक औसत 31.2 मिमी है।

बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव और यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।

रोहतक रोड पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जहां पंजाबी बाग और शादीपुर के बीच कई घंटों तक यातायात लगभग ठप रहा।

आईटीओ चौराहे पर भी जाम की स्थिति देखने को मिली।

कम दृश्यता और जलभराव के कारण रिंग रोड, आउटर रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा। खासकर धौला कुआं, महिपालपुर और राजोकरी के आसपास यातायात प्रभावित रहा।

आश्रम के पास मथुरा रोड, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, जखीरा फ्लाईओवर, मोती नगर, पटेल नगर, नारायणा, एम्स, साउथ एक्सटेंशन, लाजपत नगर, मूलचंद, आजादपुर, मुकरबा चौक और दिल्ली-नोएडा लिंक रोड के कई हिस्सों में भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

शहर का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 59 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रहा।

चार सितंबर 2025 के बाद बुधवार को एक्यूआई सबसे कम रहा। उस दिन एक्यूआई 58 दर्ज किया गया था।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’ माना जाता है, जबकि 51 से 100 के बीच का एक्यूआई ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

मौसम विभाग के अनुसार, सुबह 8.30 बजे तक सफदरजंग में कुल 14.2 मिमी, पालम में 19.2 मिमी, लोधी रोड में 17.8 मिमी, रिज में 54.3 मिमी, आया नगर में 37.6 मिमी, राजघाट में 18.6 मिमी, पूसा में 44.5 मिमी, नजफगढ़ में 85.5 मिमी और मयूर विहार में 24.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच सफदरजंग में 26.0 मिमी, पालम में 27.9 मिमी, लोधी रोड में 30.0 मिमी, रिज में 11.8 मिमी, आया नगर में 22.2 मिमी, राजघाट में 10.1 मिमी, पूसा में 30.5 मिमी, नजफगढ़ में 38.0 मिमी और मयूर विहार में 26.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

दिल्ली के नगर निकायों को दिनभर में बारिश से संबंधित जलभराव, पेड़ गिरने और बिजली बाधित होने की कम से कम 10 शिकायतें मिलीं।

आईएमडी ने बृहस्पतिवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 30 डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

भाषा जितेंद्र शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments