नयी दिल्ली, 20 जनवरी (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी इलाके में स्थित अयप्पा मंदिर में सेंधमारी का मामला सुलझाते हुए पुलिस ने एक चोर और चोरी का सामान खरीदने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है तथा चोरी का सारा सामान भी बरामद कर लिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि चोरी की घटना 17 जनवरी को रोहिणी के सेक्टर सात में अयप्पा मंदिर में हुई। मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त सचिव एम के. सुरेश ने शिकायत दर्ज कराई कि जब सुबह मंदिर खोला गया तो भगवान के पास रखी पूजा की चीजें गायब थीं, जो पीतल और तांबे की थीं।
उत्तर रोहिणी थाने में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद एक टीम का गठन कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने संदिग्धों का पता लगाने के लिए ‘ह्यूमन इंटेलिजेंस और टेक्निकल सर्विलांस’ का इस्तेमाल किया। अपर पुलिस आयुक्त (रोहिणी) राजीव रंजन ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने राकेश महतो (22) की पहचान की और सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान महतो ने मंदिर में हुई चोरी में शामिल होने की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर टीम ने चोरी के सामान को कथित रूप से लेने वाले मुनीम गुप्ता (42) की दुकान-सह-घर पर छापा मारा और उसके पास से चोरी के सामान बरामद कर लिए। गुप्ता नाहरपुर गांव का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि बरामद सामान में पीतल के चार दीये और दो अन्य बर्तन और तांबे के तीन कलश शामिल हैं। इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अधिकारी ने बताया, ‘‘महतो पहले भी चोरी के एक मामले में शामिल था जबकि गुप्ता, जिसकी कबाड़ की दुकान है, भी इसी तरह के अपराध में शामिल रहा है।’’
भाषा सुरभि अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
