scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशदिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की समितियां पुनर्गठित की

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की समितियां पुनर्गठित की

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने सदन की समितियां पुनर्गठित की, जिसमें विशेषाधिकार, याचिकाओं और सरकारी आश्वासन समेत अहम समितियों का नेतृत्व सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के पास है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ओम प्रकाश शर्मा और अजय महावर को क्रमश: सदन के पटल पर रखे जाने वाले दस्तावेजों और पुस्तकालय से संबंधित समितियों का अध्यक्ष बनाया गया है।

विधायक सौरभ भारद्वाज और आतिशी के अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली सरकार में मंत्री बनने के कारण 2023-24 के लिए सदन की समितियों के पुनर्गठन की आवश्यकता पड़ी।

एक आधिकारिक दस्तावेज के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष कार्य मंत्रणा, नियम, सामान्य उद्देश्यों और निजी सदस्य विधेयकों एवं प्रस्तावों पर समितियों की अध्यक्षता करेंगे।

आप विधायक सोमनाथ भारती विशेषाधिकार समिति की अध्यक्षता करेंगे, जो अभी विधानसभा के सदस्यों द्वारा पूछे गए सवालों का कुछ विभागों द्वारा जवाब न दिए जाने के मुद्दे से निपट रही है।

आप विधायक राजेश गुप्ता को याचिका समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जिसने दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव समेत तीन शीर्ष अधिकारियों पर वृद्धावस्था पेंशन रोकने और मोहल्ला क्लिनिक के कामकाज में बाधा डालने के आरोपों को लेकर कार्रवाई की सिफारिश की है।

आप के मुख्य सचेतक दिलीप पांडे शांति एवं सौहार्दता संबंधी समिति की अध्यक्षता करेंगे।

अधिकारियो ने बताया कि विधानसभा की 23 समितियों और विभाग संबंधी सात स्थायी समितियों का पुनर्गठन किया गया है। इन समितियों का कार्यकाल एक साल है, लेकिन ये अध्यक्ष द्वारा पुनर्गठित किए जाने तक काम करेंगी।

भाषा गोला सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments