scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशदिल्ली : फरवरी में 20 दिन एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया

दिल्ली : फरवरी में 20 दिन एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) दिल्ली में 26 फरवरी तक औसत मासिक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 234 दर्ज किया गया। वायु प्रदूषण के लिहाज से यह तीन साल में सबसे खराब फरवरी महीना रहा। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (सीआरईए) के विश्लेषण में यह निष्कर्ष सामने आया है।

आंकड़ों के मुताबिक 2023 के बाद से फरवरी 2026, सबसे खराब फरवरी महीना रहा। 2023 में मासिक औसत एक्यूआई 237 दर्ज किया गया था। तुलनात्मक रूप से, फरवरी 2024 में औसत एक्यूआई 218 और 2025 में 214 था, जबकि 2022 में यह 225 था।

सीआरईए के अध्ययन के मुताबिक दैनिक वायु गुणवत्ता श्रेणियों के संदर्भ में, राजधानी में इस फरवरी में 20 दिन ‘खराब’ वायु गुणवत्ता वाले और दो दिन ‘बहुत खराब’ वायु गुणवत्ता वाले रहे, जबकि चार दिन एक्यूआई ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज किया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।

‘समीर’ ऐप के एक्यूआई कैलेंडर से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक फरवरी में अधिकतर दिन ओजोन सबसे प्रमुख प्रदूषक रहा। इसके मुताबिक गत 27 दिन में से 21 दिन में यह प्रमुख प्रदूषक रहा।

आंकड़ों के मुताबिक चार दिन पीएम10 सबसे प्रमुख प्रदूषक रहा जबकि एक दिन नाइट्रोजन डाइऑक्साइड की मात्रा सबसे अधिक पाई गई।

महीने का उच्चतम एक्यूआई चार फरवरी को 339 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। उस दिन ओजोन प्राथमिक प्रदूषक था।

विशेषज्ञों के मुताबिक ओजोन की प्रमुखता का कारण इसकी प्रकृति है, जो सूर्य के प्रकाश की उपस्थिति में नाइट्रोजन ऑक्साइड और अन्य गैसों की प्रतिक्रिया से बनने वाला द्वितीयक प्रदूषक है।

राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को 24 घंटे का औसत एक्यूआई 200 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

भाषा धीरज अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments