scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशयुवक आत्महत्या मामले में गतिरोध चौथे दिन भी जारी

युवक आत्महत्या मामले में गतिरोध चौथे दिन भी जारी

Text Size:

जयपुर, 20 अप्रैल (भाषा) जयपुर में युवक आत्‍महत्‍या मामले में बृहस्पतिवार को भी गतिरोध बना रहा, जहां भाजपा के राज्यसभा सदस्य किरोड़ी लाल मीणा तथा पीड़ित परिजन लगातार चार दिन से धरने पर बैठे हैं।

रामप्रसाद मीणा का शव अब भी उस कमरे में रखा हुआ है, जहां सोमवार को उसने फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी।

भाजपा सांसद किरोड़ी मीणा, पीड़ित के परिजन तथा स्थानीय लोग मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी, मुआवजा देने तथा सरकारी नौकरी समेत अपनी मांगों को लेकर धरना स्थल पर मौजूद हैं।

सांसद मीणा ने बृहस्पतिवार को ट्वीट में कहा, ‘‘रामप्रसाद मीणा की आत्महत्या के लिए न्याय मांगते लोग आज चौथे दिन धरने पर हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि अशोक गहलोत सरकार अब तक ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। मेरी मांग है कि पीड़ित परिवार को शीघ्रता से न्याय मिले और इस पाप में शामिल दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई हो।’’

कांग्रेस विधायक हरीश मीणा ने बृहस्पतिवार को धरना स्थल पर पहुंच कर मृतक के परिजनों से मुलाकात की। सुभाष चौक थानाधिकारी रामफूल मीणा ने बताया कि शव को फ्रीजर में रखा गया है। उन्होंने कहा, ‘शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में नहीं भेजा जा सका।’

उल्लेखनीय है कि रामप्रसाद (38) ने सोमवार को ट्रांसपोर्ट गोदाम में टीनशेड से लटक कर कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी। मृतक के भाई की ओर से जलदाय मंत्री महेश जोशी समेत 5-6 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया गया था।

हालांकि मंत्री ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।

मृतक रामप्रसाद ने खुदकुशी से पहले एक वीडियो बनाया था जिसमें वह खुदकुशी के लिए मंत्री महेश जोशी व अन्य को जिम्मेदार ठहराता नजर आ रहा है। इस वीडियो में रामप्रसाद कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘देवेंद्र शर्मा, ललित शर्मा, होटल रॉयल शेरेटन के मालिक मुंज टांक, देव अवस्थी, लालचंद देवनानी और कैबिनेट मंत्री महेश जोशी ने हमारे परिवार को इतना परेशान किया है कि आज मैं खुदकुशी करने जा रहा हूं।’

भाषा कुंज पृथ्वी

रंजन

रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments