scorecardresearch
Friday, 13 November, 2026
होमदेशमृत व्यक्ति को जमानती दिखाया, हत्या के दो आरोपियों की जमानत रद्द

मृत व्यक्ति को जमानती दिखाया, हत्या के दो आरोपियों की जमानत रद्द

Text Size:

फरीदाबाद, 13 नवंबर (भाषा) पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में हत्या के दो आरोपियों में से एक की जमानत के लिए तीन साल पहले मर चुके एक व्यक्ति को जीवित दिखाकर जमानती के रूप में पेश किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, जमानत हासिल करने के लिए जमा कराए गए दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान इस धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। इसके बाद अदालत ने दोनों आरोपियों की जमानत रद्द कर दी और फर्जी जमानती की व्यवस्था करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया।

यह कार्रवाई अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र कुमार की अदालत में पुलिस द्वारा सत्यापन रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद की गई। अदालत के निर्देश पर केंद्रीय थाने में दोनों आरोपियों और कथित तौर पर फर्जी जमानती बनने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। यह मामला फरीदाबाद के डबुआ थाने में दर्ज हत्या के एक मामले से जुड़ा है।

प्राथमिकी के अनुसार, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने आठ अक्टूबर 2026 को आरोपियों मनोज भगत और राजू मंडल को जमानत दी थी।

इसके बाद जुनहेड़ा गांव के निवासी विष्णु दत्त ने 15 अक्टूबर को भगत की ओर से जमानत के दस्तावेज जमा कराए। अगले दिन गुरुग्राम के मोलाहेड़ा गांव के निवासी राम प्रसाद ने मंडल की ओर से वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) सहायक दस्तावेज के रूप में लगाकर जमानत के कागजात जमा किए।

अदालत ने संबंधित थाना प्रभारी को आरोपियों की ओर से दिए गए दस्तावेजों और पतों का सत्यापन करने का निर्देश दिया।

पुलिस के अनुसार, सत्यापन के दौरान डीएलएफ अपराध शाखा को पता चला कि भगत के जमानती के रूप में दिखाए गए विष्णु दत्त की नौ जुलाई 2023 को ही मृत्यु हो चुकी थी। किसी अन्य व्यक्ति ने कथित तौर पर उसकी पहचान अपनाकर जाली दस्तावेज जमा किए थे।

वहीं, मंडल के मामले में वाहन के वास्तविक मालिक ने पुलिस को बताया कि उसने आरोपी की जमानत नहीं ली थी। इसके बजाय राम प्रसाद नाम के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर जाली आधार कार्ड और फर्जी वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र का इस्तेमाल कर दस्तावेज जमा किए थे। पुलिस के अनुसार, राम प्रसाद का पता नहीं चल सका है।

पुलिस ने बताया कि इन तथ्यों के सामने आने के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों की जमानत रद्द कर उन्हें हिरासत में लेने का आदेश दिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ”अदालत के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और धोखाधड़ी में शामिल लोगों की पहचान करने तथा उनकी भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है। छापे मारे जा रहे हैं और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

भाषा मनीषा रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments