नई दिल्ली: इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर (IUCN) के एक नए अध्ययन के मुताबिक, सूखे और ग्लोबल वार्मिंग की वजह से कैक्टस की प्रजातियों के विलुप्त होने का खतरा बढ़ रहा है.
11 नवंबर को नेचर जर्नल में प्रकाशित इस अध्ययन में दुनियाभर में कैक्टस की 993 से ज्यादा प्रजातियों का अध्ययन किया गया. शोधकर्ताओं ने यह समझने के लिए मॉडल तैयार किए कि आने वाली सदी में भीषण सूखे का दुनिया भर में इनके फैलाव पर क्या असर पड़ेगा.
अध्ययन में पाया गया कि कैक्टस को सूखा सहने वाला पौधा माना जाता है, लेकिन ग्लोबल वार्मिंग के बहुत ज्यादा बढ़ने से ज्यादातर प्रजातियों को भारी नुकसान होगा. साल 2100 तक एक चौथाई से ज्यादा प्रजातियां अपने 80 फीसदी प्राकृतिक आवास खो सकती हैं. इसका सबसे ज्यादा असर ब्राजील, चिली और पेरू में देखने को मिल सकता है. अध्ययन के अनुमान के मुताबिक, इन इलाकों में सूखा बढ़ने की वजह से कैक्टस की 25 फीसदी से ज्यादा विविधता खत्म हो सकती है.
IUCN के सदस्य और अध्ययन के प्रमुख लेखक डॉ. मिचिएल पिलेट ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “हमारे अध्ययन से पता चलता है कि सूखे से बचने के लिए कैक्टस में मौजूद खास क्षमताएं भविष्य में लंबे समय तक और ज्यादा गंभीर सूखे का सामना करने के लिए पर्याप्त नहीं हो सकती हैं.”
इस अध्ययन में कैक्टस को इसलिए शामिल किया गया क्योंकि कुछ पारिस्थितिक तंत्रों, खासकर रेगिस्तानी इलाकों में इन्हें बेहद अहम प्रजाति माना जाता है. उदाहरण के लिए, सगुआरो कैक्टस मेक्सिको के सोनोरन रेगिस्तान में पाया जाता है. यहां के स्थानीय आदिवासी समुदाय इसके फल तोड़कर इस्तेमाल करते हैं. कैक्टस की दूसरी प्रजातियां भी पारिस्थितिक तंत्र में कई अन्य जीवों को भोजन, पराग और आश्रय देती हैं. यहां तक कि इनके मरने के बाद सड़ने की प्रक्रिया से मिट्टी को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं.
अध्ययन में आंकड़ों की गणना कैसे की गई
इस अध्ययन में भीषण सूखे के पूर्वानुमान से जुड़े भौगोलिक आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया. साथ ही, इंटरगवर्नमेंटल पैनल ऑन क्लाइमेट चेंज (IPCC) की 2023 की रिपोर्ट में दिए गए तापमान बढ़ने के मिले-जुले प्रभावों से जुड़े आंकड़ों को भी शामिल किया गया. कैक्टस की प्रजातियों से जुड़ी जानकारी के लिए शोधकर्ताओं ने iNaturalist का भी इस्तेमाल किया. यह एक ऑनलाइन डेटाबेस है, जिसमें आम लोग पौधों और जानवरों की प्रजातियों के बारे में जानकारी जुटाते हैं.
कैक्टस की मौजूदा प्रजातियों में से 30 फीसदी से ज्यादा पहले से ही IUCN की संकटग्रस्त प्रजातियों की रेड लिस्ट में शामिल हैं. इसकी वजह प्राकृतिक आवास का खत्म होना और अवैध रूप से इन पौधों को ले जाना भी है. अध्ययन में कहा गया है कि अब मौसम की चरम स्थितियों और सूखे का खतरा बढ़ने से ये प्रजातियां गंभीर रूप से संकटग्रस्त हो सकती हैं.
जलवायु परिवर्तन का कैक्टस पर असर बताने के अलावा, इस अध्ययन में कैक्टस की अलग-अलग प्रजातियों पर विस्तार से शोध करने की जरूरत भी बताई गई है. IUCN ने आखिरी बार 2015 में ग्लोबल कैक्टस असेसमेंट किया था. तब से पर्यावरण और पारिस्थितिक तंत्र से जुड़े कई ऐसे बदलाव हुए हैं, जिनसे इन प्रजातियों पर खतरा बढ़ा है.
IUCN की सह-अध्यक्ष बारबरा गोएट्श ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “पिछले एक दशक में कैक्टस के सामने मौजूद खतरों में काफी बदलाव आया है. यह अध्ययन जलवायु परिवर्तन के असर से जुड़े जरूरी नए सबूत देता है.” उन्होंने कहा, “इन प्रभावों को समझने और कम करने के लिए जमीन पर काम करने में अब और देरी नहीं की जा सकती.”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: पन्नू केस में भारत सरकार को अमेरिकी कोर्ट का समन, डोभाल और रॉ के पूर्व प्रमुख भी नामजद