नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने शहर की पुलिस से दिल्ली में एक पेइंग गेस्ट (पीजी) सुविधा में रहने वाली महिला द्वारा दायर कथित यौन उत्पीड़न की शिकायत के संबंध में कार्रवाई रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है।
डीसीडब्ल्यू को शिकायत मिली थी कि 12 जून की आधी रात के आसपास जब उत्तरी दिल्ली में पीजी में रहने वाली महिला अपनी मित्रों के साथ बालकनी में खड़ी थी तो आवास के बाहर एक युवक ने उन्हें घूरते हुए यौन कृत्य किया।
इस संबंध में 19 जून को दिल्ली पुलिस को एक नोटिस भेजकर मामले में कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) मांगी गई थी। हालांकि दिल्ली पुलिस जवाब दाखिल करने में विफल रही।
अब डीसीडब्ल्यू ने दिल्ली पुलिस को समन जारी कर मामले में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। उसने दिल्ली पुलिस से प्राथमिकी की प्रति और मामले में की गई गिरफ्तारियों का विवरण उपलब्ध कराने को कहा है।
आयोग ने दिल्ली पुलिस से निर्धारित समय के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्रदान करने में विफल रहने के कारण भी बताने को कहा है। डीसीडब्ल्यू ने मौरिस नगर थाने के प्रभारी को 28 जून को आयोग के सामने पेश होने और मामले पर की गई कार्रवाई रिपोर्ट प्रदान करने को कहा है।
डीसीडब्ल्यू प्रमुख स्वाति मालीवाल ने इसे “बेहद गंभीर” मामला करार दिया।
उन्होंने कहा, “दिल्ली के पीजी में हजारों महिलाएं और लड़कियां रहती हैं और उनकी सुरक्षा बेहद जरूरी है। मुझे यह भी बताया गया है कि इस आदमी ने एक ही पीजी के बाहर एक से अधिक बार अश्लील हरकतें की हैं।”
उन्होंने कहा, “दिल्ली में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों और कैसे हैं? पहली बार में पुलिस द्वारा उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गयी? ऐसे अपराधों को रोकने के लिए प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए और इस आदमी को पुलिस द्वारा तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”
भाषा प्रशांत माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.