चंडीगढ़, 22 फरवरी (भाषा) पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में बुधवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक ‘गैंगस्टर’ और उसका साथी मारा गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की एक टीम तेजा (गैंगस्टर) का पीछा कर रही थी। तभी बस्सी पठाना के मुख्य बाजार इलाके में पुलिस और गैंगस्टर के बीच गोलीबारी शुरू हुई।
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी के दौरान दो पुलिस कर्मी भी घायल हुए हैं।
एजीटीएफ प्रमुख प्रमोद बान ने पीटीआई-भाषा को बताया कि जब एजीटीएफ की टीम ने तेजा को रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर गोली चला दी। बाद में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान तेजा और उसका अज्ञात साथी मारा गया, जबकि तीसरा व्यक्ति घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, तेजा उस गिरोह का सरगना था जो पिछले महीने जालंधर में पुलिस कांस्टेबल कुलदीप सिंह की हत्या में शामिल था। उसके खिलाफ 35 से भी ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे।
भाषा साजन पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.