जम्मू, 10 मार्च (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को ‘तानाशाही के खिलाफ लड़ाई’ जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया और आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी है कि इसके खिलाफ आवाज उठाने वाले किसी भी व्यक्ति को झूठे आरोपों में फंसाकर जेल भेज दिया जाता है।
सिसोदिया ने प्रधानमंत्री से यह स्पष्टीकरण देने की मांग की कि अमेरिका दुनिया के सामने भारत को कैसे ‘अपनी कॉलोनी’ के रूप में पेश कर रहा है।
माता वैष्णो देवी के मंदिर में दर्शन करने के बाद जम्मू-कश्मीर दौरे के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वह जम्मू में अपने मित्र और आम आदमी पार्टी के नेता महराज मलिक के परिवार से मिलने आए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे इस बात का दुख है कि प्रधानमंत्री मोदी के शासन में देश में ऐसी स्थिति पैदा हो गई है कि जब भी कोई आवाज उठाई जाती है, उस व्यक्ति को सीधे जेल में डाल दिया जाता है।’’
सिसोदिया ने कहा कि सोनम वांगचुक, महराज मलिक, अरविंद केजरीवाल, सत्येंद्र जैन, संजय सिंह और खुद उनके समेत कई कार्यकर्ताओं और विपक्षी नेताओं को झूठे मामलों और मनगढ़ंत आरोपों का सामना करना पड़ा है।
इससे पहले उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) के गिरफ्तार विधायक महराज मलिक के परिवार से उनके आधिकारिक आवास पर जाकर अपनी पार्टी का समर्थन जताया।
भाषा रंजन नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.