scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशमाकपा सांसद ब्रिटास राज्यसभा सभापति कार्यालय बुलाये गए, शाह के बारे में आलेख पर स्पष्टीकरण मांगा गया

माकपा सांसद ब्रिटास राज्यसभा सभापति कार्यालय बुलाये गए, शाह के बारे में आलेख पर स्पष्टीकरण मांगा गया

Text Size:

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री अमित शाह के बारे में एक आलोचनात्मक आलेख लिखने को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सांसद जॉन ब्रिटास को राज्यसभा के सभापति एवं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के कार्यालय ने तलब किया।

भाजपा के एक पदाधिकारी द्वारा दी गई एक शिकायत के बाद यह घटनाक्रम हुआ।

बैठक में, ब्रिटास से पिछले हफ्ते प्रकाशित उनके आलेख के बारे में स्पष्टीकरण देने को कहा गया।

ब्रिटास ने कहा, ‘‘हां, मेरे द्वारा लिखे गये एक आलेख को लेकर मुझे एक बैठक के लिए बुलाया गया था और मैंने मुद्दे पर पर्याप्त रूप से अपनी बात रखी। मैंने राज्यसभा के सभापति को बताया कि आलेख लिखना मेरा मूल अधिकार है और अभिव्यक्ति की मेरी स्वतंत्रता का हिस्सा है। यदि केरल पर एक गूढ़ टिप्पणी की जा सकती है तो मैं जवाब देने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अभी जो कुछ हो रहा है वह उन सांसदों को चुप करने की कोशिश है जो भाजपा के खिलाफ बोल रहे हैं।’’ उन्होंने इस बात से इनकार किया कि इस मुद्दे पर उन्हें कोई ‘कारण बताओ नोटिस’ भेजा गया, जैसा कि मीडिया के एक वर्ग में खबर आई थी।

संसद सूत्रों ने इस तरह की एक बैठक होने की पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि केरल पर शाह द्वारा की गई एक टिप्पणी की आलोचना करने वाले ब्रिटास के 20 फरवरी के आलेख ‘पेरिल्स ऑफ प्रोपगेंडा’ (दुष्प्रचार के खतरे) को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के महासचिव पी सुधीर द्वारा की गई शिकायत की एक प्रति बाद में वाम दल के नेता को भेजी गई।

सुधीर ने अपनी शिकायत में ब्रिटास के आलेख को अत्यधिक विभाजनकारी और ध्रुवीकरण करने वाला बताया था तथा इस देशद्रोही आचरण के खिलाफ उपयुक्त कार्रवाई की मांग की थी।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments