scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशमाकपा ने बंगाल में केवल एक चरण में विधानसभा चुनाव कराने की मांग की

माकपा ने बंगाल में केवल एक चरण में विधानसभा चुनाव कराने की मांग की

Text Size:

कोलकाता, नौ मार्च (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने निर्वाचन आयोग से पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव केवल एक चरण में कराने की मांग की है।

निर्वाचन आयोग की पूर्ण पीठ के साथ बैठक से बाहर आने के बाद पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के सचिव मोहम्मद सलीम ने कहा कि बहु-चरणीय चुनाव असामाजिक तत्वों को विभिन्न स्थानों पर जाने में सुविधा प्रदान करते हैं।

सलीम ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने विशेष रूप से मांग की है कि चुनाव एक ही चरण में कराए जाएं, यदि ऐसा नहीं होता है, तो दो से अधिक चरण में चुनाव नहीं कराए जाने चाहिए।’’

पश्चिम बंगाल में वर्ष 2021 का विधानसभा चुनाव आठ चरणों में हुआ था। तृणमूल कांग्रेस ने 294 सीट वाली विधानसभा में शानदार जीत हासिल की, जबकि माकपा के नेतृत्व वाला वाम मोर्चा अपना खाता भी नहीं खोल पाया।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर कदम उठाने चाहिए।

माकपा ने यह भी मांग की कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के पूरा होने के बाद प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची में सभी वास्तविक मतदाताओं को शामिल किया जाए।

आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए निर्वाचन आयोग की पूर्ण पीठ रविवार से शुरू हुए तीन दिवसीय दौरे के तहत कोलकाता में है।

भाषा संतोष नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments