गुरुग्राम: गुरुग्राम के सेक्टर 67A में एक घर के बाहर कचरा और गोबर फेंके जाने को लेकर गुरुवार देर रात विवाद हिंसक हो गया. आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पार्षद से जुड़े कुछ लोगों के एक समूह ने रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के संयुक्त सचिव और उनकी पत्नी की उनके घर के बाहर सड़क पर लाठी और लोहे की रॉड से पिटाई की.
पीड़ित प्रयाग वर्ष्णेय और उनकी पत्नी शालिनी गुप्ता, दोनों 34 साल के हैं और पॉश अंसल वर्सालिया सोसाइटी के H ब्लॉक में रहते हैं. दिप्रिंट की ओर से देखे गए मेडिको-लीगल रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों को शुक्रवार तड़के सेक्टर 10 के सिविल अस्पताल ले जाया गया और करीब 2 बजे उनकी मेडिकल जांच की गई.
सेक्टर-65 पुलिस स्टेशन में प्रयाग की ओर से दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, विवाद गुरुवार रात करीब 10 बजे शुरू हुआ. तब उन्होंने और उनकी पत्नी ने अपने गेट के पास एक युवक को कचरा फेंकने पर आपत्ति जताई.
शिकायत में कहा गया है कि वार्ड 15 की पार्षद भारती के पति मनीष हरसाना सात-आठ अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचे. शिकायत के मुताबिक, बहस शुरू हुई और कुछ ही मिनटों में मामला मारपीट में बदल गया. समूह ने दंपति को घेर लिया, उन्हें थप्पड़ और मुक्के मारे और लाठियों से हमला किया, जबकि वे वहां से भागने की कोशिश कर रहे थे.
प्रयाग ने शुक्रवार को फोन पर दिप्रिंट से कहा, “मैंने सोसाइटी के सदस्यों की ओर से बुधवार देर रात हमारे घरों के पास कांवड़ियों के कार्यक्रम में तेज़ संगीत बजाने पर आपत्ति जताई थी. गुरुवार रात करीब 10 बजे मैं अपनी पत्नी के साथ टहल रहा था, तभी मैंने हमारे गेट के पास कचरा फेंके जाते देखा और इस पर आपत्ति जताई, लेकिन बीजेपी पार्षद के पति और अन्य लोग लाठियों और मुक्कों के साथ हम पर टूट पड़े.”
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि इसके तुरंत बाद आसपास के करीब 10 और लोग, जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं, वहां पहुंच गए. RWA सचिव प्रयाग और उनकी पत्नी का सड़क पर पीछा किया गया और उनके सिर, हाथों और पैरों पर हमला किया गया. इसके बाद अन्य निवासियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया.
दिप्रिंट से बात करते हुए हरसाना ने इस घटना के इस पक्ष से इनकार किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने भी शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस के इमरजेंसी नंबर पर फोन किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रयाग और उनकी पत्नी ने पहले गाली-गलौज की और हिंसा शुरू की. पुलिस का कहना है कि हरसाना की ओर से उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है.
हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में हरसाना को बहस के दौरान वर्ष्णेय की पिटाई करते हुए दिखाया गया है. इसके बाद वर्ष्णेय का पीछा किया गया और उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया.
सेक्टर 65 के एसएचओ रामबीर सिंह ने पुष्टि की कि पुलिस को प्रयाग की शिकायत मिली है और एफआईआर दर्ज की गई है. सिंह ने दिप्रिंट से कहा, “हमने दंपति की मेडिकल जांच कराई है.”
एफआईआर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 115 (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 190 (गैरकानूनी सभा), 191(3) (घातक हथियार के साथ दंगा) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत दर्ज की गई है.
ज्यादा चोटें
31 जुलाई की तारीख वाली सेक्टर 10 के सिविल अस्पताल की मेडिको-लीगल रिपोर्ट में दोनों पीड़ितों के शरीर पर कई चोटों का ज़िक्र है. इन सभी चोटों को जांच के 12 घंटे के अंदर लगी “किसी भारी/कठोर चीज से लगी चोट” के रूप में बताया गया है.
RWA सचिव प्रयाग को काफी चोटें आई हैं. डॉक्टरों ने उनकी बाईं कोहनी पर खरोंच, सीने में दर्द दर्ज किया है, जिसके लिए एक्स-रे और सर्जन की राय लेने को कहा गया. उनके बाईं तरफ कमर के पास भी दर्द था. सिर के बाईं ओर कनपटी के पास सूजन थी, जिसके लिए CT स्कैन और सर्जन की राय लेने की सलाह दी गई. उनके बाएं घुटने पर भी खरोंच थी और बाएं पैर पर कई छोटी खरोंचें थीं.
शालिनी गुप्ता की पीठ पर दर्द और सूजन पाई गई, जिसके लिए हड्डियों के डॉक्टर से सलाह लेने को कहा गया. उनकी बाईं कोहनी में भी दर्द था. दोनों की मेडिको-लीगल रिपोर्ट में चोटों की स्थिति को आगे की मेडिकल जांच होने तक “निगरानी में रखा गया” बताया गया है.
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जांच पूरी होने के बाद जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: दिल्ली दंगे: पूर्व AAP पार्षद ताहिर हुसैन समेत 5 को IB अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या में उम्रकैद