scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशनीट-यूजी परीक्षा स्थगित करने की याचिका पर बृहस्पतिवार को सुनवाई करेगी अदालत

नीट-यूजी परीक्षा स्थगित करने की याचिका पर बृहस्पतिवार को सुनवाई करेगी अदालत

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) वर्ष 2022 के लिए राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) की 17 जुलाई को होने वाली परीक्षा को स्थगित करने की अनेक अभ्यर्थियों की याचिका पर दिल्ली उच्च न्यायालय बृहस्पतिवार को सुनवाई करेगा।

याचिका स्नातक स्तरीय चिकित्सा और दंत-चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक 15 अभ्यर्थियों ने दायर की है जो विभिन्न राज्यों के हैं। याचिका न्यायमूर्ति संजीव नरूला के समक्ष सुनवाई के लिए सूचीबद्ध हुई है।

मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद की पीठ के समक्ष बुधवार को याचिका आई, जिसने इसे अगले दिन सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने की अनुमति दे दी। याचिकाकर्ताओं के वकील ने यह जानकारी दी।

याचिकाकर्ताओं ने नीट-यूजी प्रवेश परीक्षा रद्द कर इसे चार से छह सप्ताह बाद कराने का अनुरोध किया है। इसके लिए उन्होंने अनेक आधार गिनाये हैं जिनमें यह भी है कि नीट, जेईई और केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) का कार्यक्रम ‘अव्यवस्थित’ है और इससे अभ्यर्थियों को मानसिक सदमा पहुंचा है और 16 विद्यार्थियों के आत्महत्या के मामले सामने आये हैं।

अधिवक्ता ममता शर्मा के माध्यम से दाखिल याचिका में कहा गया है कि बोर्ड परीक्षा जून 2022 के मध्य में समाप्त हुई और छात्रों को तीन राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए मजबूर कर दिया गया है और उन्हें तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला।

भाषा

वैभव अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments