scorecardresearch
Sunday, 22 February, 2026
होमदेशअदालत ने युवा कांग्रेस के प्रदर्शनकारियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

अदालत ने युवा कांग्रेस के प्रदर्शनकारियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को एक दिन पहले ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के आयोजन स्थल पर प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए भारतीय युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि ने दिल्ली पुलिस की उस याचिका को स्वीकार कर लिया जिसमें पूछताछ के लिए आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का अनुरोध किया गया था।

विस्तृत आदेश की प्रतीक्षा है।

गिरफ्तार किए गए प्रदर्शनकारियों में बिहार से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, बिहार से युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव कुंदन यादव; उत्तर प्रदेश से युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार; और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव शामिल हैं।

दिल्ली पुलिस ने यह दलील देते हुए गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों की पांच दिन की हिरासत का अनुरोध किया कि उन्होंने राष्ट्रविरोधी नारे लगाए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीरों वाली टी-शर्ट पहनी हुई थी।

इसने दलील दी कि आरोपियों के मोबाइल फोन बरामद किए जाने आवश्यक हैं और चूंकि वे अलग-अलग राज्यों से हैं, इसलिए हिरासत में पूछताछ जरूरी है।

पुलिस की ओर से पेश वकील ने कहा कि यह एक ‘‘गंभीर’’ मामला है। उन्होंने कहा कि पुलिस को रोकने का प्रयास किया गया, जिसके परिणामस्वरूप तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

वकील ने कहा कि इसके अलावा, विरोध-प्रदर्शन आयोजित करने के पीछे की साजिश, धन के स्रोत और टी-शर्ट कहां छपी थीं, इन सब का पता लगाना जरूरी है।

वहीं, आरोपियों के वकील ने दलील दी कि वे एक राजनीतिक दल से जुड़े हैं और उन्होंने ‘भारत मंडपम’ में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग किया।

वकील ने कहा कि इनकी गिरफ्तारी से लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंची है और अगर विरोध प्रदर्शन के लिए गिरफ्तारियां की जानी हैं, तो संसद में विरोध-प्रदर्शन करने वाले सांसदों को भी गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

भाषा शफीक रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments