scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशकहानी 2' को लेकर फिल्मकार सुजॉय घोष के खिलाफ दायर कॉपीराइट मामला न्यायालय में खारिज

कहानी 2′ को लेकर फिल्मकार सुजॉय घोष के खिलाफ दायर कॉपीराइट मामला न्यायालय में खारिज

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) उच्चतम न्यायालय ने फिल्मकार सुजॉय घोष को राहत प्रदान करते हुए उनकी फिल्म ‘कहानी 2’ को लेकर उनके खिलाफ कथित कॉपीराइट उल्लंघन के एक मामले में झारखंड की एक अदालत के समक्ष लंबित कार्यवाही को शुक्रवार को रद्द कर दिया।

न्यायमूर्ति पी एस नरसिम्हा और आलोक आराधे की पीठ ने कहा कि घोष के खिलाफ शुरू की गई कार्यवाही ‘‘स्पष्ट रूप से तुच्छ और परेशान करने वाली’’ थी।

पीठ ने पिछले साल 22 अप्रैल को झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा पारित उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें फिल्म निर्माता के खिलाफ कार्यवाही को रद्द करने से इनकार कर दिया गया था।

उच्च न्यायालय ने इस मामले में हजारीबाग के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) द्वारा सात जून, 2018 को जारी किए गए समन आदेश को भी रद्द कर दिया।

पीठ ने कहा कि शिकायत में केवल ‘‘निराधार और अस्थापित आरोप’’ लगाए गए हैं और इसमें पहली नजर में भी फिल्म और शिकायतकर्ता उमेश प्रसाद मेहता की स्क्रिप्ट के बीच समानता नहीं दिखाई देती।

पीठ ने फिल्म निर्माता द्वारा दायर अपील को स्वीकार करते हुए कहा, ‘‘उपरोक्त कारणों के आधार पर, यह स्पष्ट निष्कर्ष है कि अपीलकर्ता (घोष) के खिलाफ शुरू की गई कार्यवाही स्पष्ट रूप से निरर्थक और उत्पीड़नयुक्त है।’’

पीठ ने कहा कि रिकॉर्ड पर ऐसा कोई सामग्री उपलब्ध नहीं है, जिससे प्रथम दृष्टया यह निष्कर्ष निकाला जा सके कि फिल्म और शिकायतकर्ता की स्क्रिप्ट के बीच कोई समानता है।

उच्चतम न्यायालय ने हजारीबाग के सीजेएम की अदालत में लंबित मामले को रद्द करने की घोष की याचिका पर झारखंड सरकार को पिछले साल जुलाई में नोटिस जारी किया था।

फिल्मकार ने कॉपीराइट अधिनियम, 1957 की धारा 63 के तहत उनके खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन का प्रथम दृष्टया मामला बनने संबंधी सीजेएम अदालत के आदेश को उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी जिसे उसने खारिज कर दिया था।

शिकायतकर्ता उमेश प्रसाद मेहता ने फिल्म ‘सबक’ की एक पटकथा लिखी थी, जिसे उसका कॉपीराइट प्राप्त करने के लिए हजारीबाग के नोटरी पब्लिक ने प्रमाणित किया था।

यह आरोप लगाया गया कि शिकायतकर्ता ने घोष से मुलाकात की थी और एक सिफारिश पत्र प्राप्त किया था जो किसी फिल्म की पटकथा का कॉपीराइट प्राप्त करने के लिए आवश्यक था।

आरोप था कि घोष ने शिकायतकर्ता की पटकथा की एक प्रति अपने पास रख ली और ‘कहानी 2’ फिल्म बनाकर शिकायतकर्ता के कॉपीराइट का जानबूझकर उल्लंघन किया।

शिकायतकर्ता ने हजारीबाग के एक फिल्म केंद्र में यह फिल्म देखी थी जिसके बाद उसने आरोप लगाया कि घोष ने उसकी पटकथा चोरी कर कॉपीराइट का उल्लंघन किया।

भाषा सुरेश माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments