scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशगुजरात में 3,894 ग्राम पंचायतों के चुनाव के लिए मतगणना जारी

गुजरात में 3,894 ग्राम पंचायतों के चुनाव के लिए मतगणना जारी

Text Size:

अहमदाबाद, 25 जून (भाषा) गुजरात में 3,894 ग्राम पंचायतों के लिए 22 जून को हुए चुनाव के लिये मतगणना बुधवार को जारी है। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने यह जानकारी दी।

राज्य निर्वाचन आयोग ने एक विज्ञप्ति में कहा कि राज्य भर के 239 स्थानों पर सुबह नौ बजे मतगणना शुरू हुई। दोपहर तक पंचायत सदस्यों की करीब 2,400 सीट और सरपंचों की 700 सीट के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं।

इसमें कहा गया कि 3,656 सरपंचों और 16,224 पंचायत सदस्यों के चुनाव कराए गए थे। रविवार को हुए मतदान में करीब 72 फीसदी मतदान हुआ था। साल 2023 में स्थानीय निकाय चुनाव में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 27 फीसदी कोटा दिए जाने के बाद यह पहला ऐसा चुनाव है।

एसईसी ने कहा कि 8,326 ग्राम पंचायतों में से 3,895 पंचायतों के लिए चुनाव हुए क्योंकि कई ग्रामीण निकायों को आंशिक या पूर्ण रूप से निर्विरोध या रिक्त घोषित कर दिया गया है।

ग्राम पंचायत चुनाव आमतौर पर पार्टी स्तर पर नहीं लड़े जाते। उम्मीदवार राजनीतिक दलों से जुड़े हो सकते हैं, लेकिन वे पार्टी के टिकट पर चुनाव नहीं लड़ते।

एसईसी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि मतपत्रों के माध्यम से चुनाव कराए गए और मतदाताओं को नोटा (इनमें से कोई नहीं) का भी विकल्प दिया गया था।

यह पहली बार है कि गुजरात में बड़े पैमाने पर चुनाव हो रहे हैं क्योंकि राज्य सरकार ने अगस्त 2023 में जावेरी आयोग की रिपोर्ट की सिफारिशों पर पंचायतों, नगरपालिकाओं और नगर निगमों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा की थी।

इससे पहले स्थानीय निकायों में ओबीसी को केवल 10 प्रतिशत आरक्षण मिला हुआ था।

भाषा

प्रीति रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments