मुंबई, 18 नवंबर (भाषा) कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के संस्मरण में हिंदुत्व विचारक वीडी सावरकर के बारे में की गई टिप्पणियों को लेकर शिवसेना नेताओं का विरोध-प्रदर्शन बुधवार को उस समय विवादों में घिर गया, जब पार्टी सदस्य शाइना एनसी ने अनजाने में एक ऐसा कागज फाड़ दिया, जिस पर शिवसेना संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे की तस्वीर छपी थी।
शिवसेना ने मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें शाइना समेत पार्टी नेताओं ने सावरकर के बारे में सोनिया की टिप्पणियों के विरोध में उनके संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ की प्रतियां फाड़ दीं।
संवाददाता सम्मेलन में शाइना के अलावा शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय निरूपम, शीतल म्हात्रे और आनंद दुबे भी मौजूद थे। उन्होंने सोनिया के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिन्होंने अपने संस्मरण में लिखा है कि सावरकर ने ब्रिटिश शासन के समक्ष दया याचिकाएं दायर की थीं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्यों ने मुखबिर के तौर पर ब्रिटिश अधिकारियों का साथ दिया था।
हालांकि, विरोध-प्रदर्शन के दौरान शाइना ने अनजाने में एक ऐसा कागज फाड़ दिया, जिस पर बाल ठाकरे के पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर के पुतले को थप्पड़ मारने की तस्वीर छपी हुई थी। इसके बाद कोई शाइना को उनकी इस गलती के बारे में सचेत करता हुआ दिखाई देता है, जिससे वह चौंक जाती हैं और धीमी आवाज में ‘सॉरी’ कहते हुए फटे हुए कागज को मेज पर रख देती हैं।
शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-उबाठा), महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और कांग्रेस ने इस घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
शाइना ने अपने बचाव में कहा कि उन्होंने मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ी थी, न कि बाल ठाकरे की।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मुझे दिखाइए कि मैंने कब हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ी या उसका अनादर किया। झूठा विमर्श गढ़ने के लिए किसी घटना को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मानहानिकारक दावे फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
शाइना की इस चूक के विरोध में शिवसेना (उबाठा) और मनसे के पार्षदों ने बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) की आम सभा की बैठक से बहिर्गमन किया।
शिवसेना (उबाठा) समर्थकों ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन भी किए। पार्टी नेता अनिल परब ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को इस हरकत के लिए अपनी पार्टी की नेता को खुद जूते से पीटना चाहिए।
कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट और विजय वडेट्टीवार ने भी सोनिया की किताब के पन्ने फाड़े जाने की निंदा की। उन्होंने कहा कि किताब की सामग्री से असहमति होने पर उसके पन्ने फाड़ने के बजाय लोकतांत्रिक बहस के जरिये अपनी बात रखी जानी चाहिए।
थोराट और वडेट्टीवार ने सावरकर से जुड़ी टिप्पणियों को लेकर किताब की प्रति फाड़ने के लिए शिवसेना के प्रवक्ताओं की आलोचना की।
थोराट ने कहा कि लोगों को किसी किताब में व्यक्त विचारों से असहमत होने का अधिकार है, लेकिन उन्हें किताब पढ़नी चाहिए और उसमें दी गई बातों पर बहस करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “किताब (की प्रति) फाड़कर सुर्खियां बंटोरने की कोशिश करना दुर्भाग्यपूर्ण है। सार्वजनिक जीवन में मतभेदों को सभ्य तरीके से व्यक्त किया जाना चाहिए।”
थोराट ने शिवसेना पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के कई सदस्यों ने सत्ता के करीब बने रहने के लिए पाला बदला था। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को अपना खुद का राजनीतिक इतिहास नहीं पता, उनका सोनिया गांधी की जीवन यात्रा पर टिप्पणी करना हास्यास्पद है।
वडेट्टीवार ने कहा कि किताब के पन्ने फाड़ने से न तो इतिहास को मिटाया जा सकेगा और न ही सच को दबाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा, “अगर आप किसी किताब में व्यक्त किए गए विचारों से असहमत हैं, तो लोकतांत्रिक तरीके से उनका विरोध करें, अपनी राय रखें या फिर एक अलग किताब ही लिख डालें। लेकिन विचारों को दबाने की कोशिश में किताब के पन्ने फाड़ना अभिव्यक्ति की आजादी के आदर्शों के खिलाफ है।”
वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि इस हरकत से किताब का विरोध करने वाले लोगों का वैचारिक खोखलापन सामने आ गया है।
उन्होंने कांग्रेस के पूर्व नेता संजय निरूपम पर भी निशाना साधा और कहा कि नेताओं को सत्ता के लिए आरएसएस की विचारधारा के सामने घुटने टेकने के बजाय लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की आजादी का सम्मान करना चाहिए।
थोराट ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी के त्याग, संघर्ष और देश के प्रति उनके समर्पण को करीब से देखा है तथा यह किताब पाठकों को उनकी जीवन यात्रा को उन्हीं के शब्दों में समझने का मौका देती है।
थोराट ने भरोसा जताया कि इस विवाद की वजह से और भी लोग सोनिया के संस्मरण को पढ़ेंगे।
भाषा पारुल माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.