scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशइंदौर के भागीरथपुरा में अब दूषित भोजन से बीमार पड़े लोग, छह मरीज अस्पताल में भर्ती

इंदौर के भागीरथपुरा में अब दूषित भोजन से बीमार पड़े लोग, छह मरीज अस्पताल में भर्ती

Text Size:

इंदौर, 23 फरवरी (भाषा) दूषित पेयजल से कई लोगों की मौत के कारण सुर्खियों में आए इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित भोजन के चलते बीमार हुए छह लोगों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव हासानी ने एक बयान में कहा, ‘‘भागीरथपुरा में शनिवार देर रात एक जन्मदिन पार्टी में लगभग 60 लोगों ने भोजन किया था। इसके बाद रविवार को कुछ लोगों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आईं।’’

उन्होंने बताया कि प्रभावित व्यक्तियों का उपचार किया गया और एहतियात के तौर पर इनमें से छह मरीजों को शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

सीएमएचओ के मुताबिक इलाज के बाद सभी मरीजों की हालत ठीक है।

स्थानीय लोगों और कांग्रेस ने भागीरथपुरा में दूषित पेयजल के कारण दिसंबर के आखिर में शुरू हुए उल्टी-दस्त के प्रकोप में कुल 35 लोगों की मौत का दावा किया है।

इस मामले पर चर्चा के दौरान राज्य विधानसभा में हंगामे के बीच 19 फरवरी को स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा था कि भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण 22 लोगों की मौत हुई है और हर मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है।

मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुशील कुमार गुप्ता की अगुवाई वाला एक सदस्यीय आयोग अदालत के आदेश पर दूषित पेयजल त्रासदी की न्यायिक जांच कर रहा है।

भाषा

हर्ष रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments