कोझिकोड, तीन दिसंबर (भाषा) कांग्रेस की एक महिला नेता ने बुधवार को आरोप लगाया कि पार्टी के निलंबित विधायक राहुल ममकूटाथिल ने कुछ साल पहले उन्हें अनुचित संदेश भेजे थे और इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने राज्य युवा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उनकी (ममकूटाथिल की) नियुक्ति का विरोध किया था।
ममकूटाथिल दुष्कर्म के एक मामले में जांच के घेरे में हैं।
महिला नेता ने यह भी दावा किया कि तत्कालीन युवा कांग्रेस अध्यक्ष शफी परमबिल ने उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया था।
कांग्रेस की सांस्कृतिक और साहित्यिक शाखा की नेता एम ए शहनास ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली में किसानों के विरोध प्रदर्शन से लौटने के बाद ममकूटाथिल ने उन्हें एक अनुचित संदेश भेजा था।
शहनास ने इससे पहले ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में मंगलवार को ममकूटाथिल के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म की दूसरी शिकायत का जिक्र किया और कहा कि उन्होंने उस समय आवाज उठाई थी, जब इसकी जरूरत थी।
उन्होंने ‘फेसबुक’ पर लिखा, “जब राहुल ममकूटाथिल को पदोन्नत करके युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जा रहा था, तब मैंने तत्कालीन युवा कांग्रेस अध्यक्ष शफी परमबिल को बताया था (मेरे पास सबूत हैं)। युवा कांग्रेस को एक ऐसा क्षेत्र माना जाता है, जहां कई युवतियां प्रवेश कर सकती हैं और आगे बढ़ सकती हैं। लेकिन जब उनके जैसे लोग अध्यक्ष बनेंगे, तो हमारी लड़कियों का शोषण होगा।”
महिला नेता ने कहा, “मैंने अनुरोध किया था कि अगर हमारी लड़कियों को कांग्रेस में काम करने के लिए एक सुरक्षित माहौल चाहिए, तो उनके (ममकूटाथिल) जैसे लोगों को अध्यक्ष नहीं बनाया जाना चाहिए। मेरे अनुरोध को न केवल नजरअंदाज किया गया बल्कि परमबिल ने मेरा मजाक उड़ाया।”
परमबिल लोकसभा सदस्य और कांग्रेस उपाध्यक्ष भी हैं।
उन्होंने हालांकि शहनास के आरोपों का कोई जवाब नहीं दिया।
भाषा जितेंद्र सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
