नयी दिल्ली, 15 नवंबर (भाषा) ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर अपना रुख और कड़ा करते हुए कांग्रेस 26 नवंबर (संविधान दिवस) को संविधान रक्षा मार्च निकालेगी, मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं के बूथ स्तरीय सत्यापन के लिए अभियान चलाएगी और ग्राम स्तर पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल आयोजित करेगी।
कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्षों, महासचिवों, प्रभारियों और अन्य प्रमुख पदाधिकारियों को जारी एक परिपत्र में कहा कि ‘दिल्ली चलो’ अभियान के चौथे चरण के तहत 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम अब किसी बाद की तारीख में आयोजित किए जाएंगे क्योंकि 26 नवंबर को सभी पीसीसी अपने-अपने राज्यों में ‘संविधान रक्षा’ मार्च का आयोजन करेंगी।
वेणुगोपाल ने बताया कि इस मार्च से पहले ‘वोट रक्षक’ अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता हर बूथ पर जाकर उन मतदाताओं के नामों का सत्यापन करेंगे, जिन्हें मतदाता सूचियों से हटा दिया गया है।
परिपत्र में कहा गया, ‘‘अभियान के तहत अब 26 नवंबर को सभी राज्य मुख्यालयों पर ‘संविधान रक्षा’ मार्च आयोजित किया जाएगा। 22 नवंबर तक जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) स्तर पर बैठकें की जाएंगी, ‘वोट रक्षक’ नियुक्त किये जाएंगे और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 22 से 30 नवंबर तक, हटाए गए मतदाताओं का बूथ स्तर पर सत्यापन किया जाएगा, जिसकी मंडल अध्यक्ष रोजाना निगरानी करेंगे।’’
इसमें कहा गया है कि सत्यापन के निष्कर्षों के आधार पर 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक ग्राम स्तर पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल’ का आयोजन किया जाएगा।
परिपत्र के अनुसार, ‘‘अभियान के मुख्य कार्यक्रम के तौर पर 26 नवंबर को प्रत्येक पीसीसी व्यापक स्तर पर ‘संविधान रक्षा’ मार्च आयोजित करेगी, जिसमें ऐतिहासिक जनसभा होगी।’’
भाषा
प्रचेता सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.