scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेश‘कांग्रेस का नारा परिवार पहले’: असम रैली में PM मोदी का हमला, NDA की जीत का जताया भरोसा

‘कांग्रेस का नारा परिवार पहले’: असम रैली में PM मोदी का हमला, NDA की जीत का जताया भरोसा

होजाई में प्रधानमंत्री ने कहा, डबल इंजन सरकार ने बिजली, सड़क और विकास की बदली तस्वीर.

Text Size:

होजाई (असम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को असम के होजाई में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का नारा “फैमिली फर्स्ट” है और पार्टी केवल अपने स्वार्थों को साधने में लगी रहती है. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक असम को विकास से वंचित रखा, जबकि भाजपा-एनडीए सरकार राज्य के हर क्षेत्र के विकास के लिए काम कर रही है.

भाजपा प्रत्याशी शिलादित्य देव के समर्थन में आयोजित रैली में प्रधानमंत्री ने कहा कि असम में बिजली, सड़क और रेलवे जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पहले खराब थी, लेकिन डबल इंजन सरकार ने हालात बदल दिए हैं. उन्होंने कहा कि आज असम बिजली के मामले में देश के लिए एक मॉडल राज्य बन रहा है और लाखों परिवारों को बिजली कनेक्शन मिल चुका है.

पीएम मोदी ने पीएम सूर्य घर मुफ्त योजना का ज़िक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार सोलर पैनल लगाने के लिए 70 से 80 हज़ार रुपये तक की सहायता दे रही है, जिससे लाखों परिवारों का बिजली बिल शून्य हो गया है. उन्होंने विश्वास जताया कि 2026 के असम विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा-एनडीए को बड़ी जीत दिलाएगी.

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस दो परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने में व्यस्त है—एक दिल्ली का और दूसरा असम का. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति परिवारवाद, झूठ और भ्रष्टाचार पर आधारित है, जबकि एनडीए सरकार आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है.

असम विधानसभा की 126 सीटों पर 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी. भाजपा के शिलादित्य देव का मुकाबला कांग्रेस की झिल्ली चौधरी से है, जबकि यह सीट फिलहाल भाजपा विधायक रामकृष्ण घोष के पास है.

share & View comments