नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने कांग्रेस को अकबर रोड और रायसीना रोड स्थित कार्यालयों को खाली करने का नोटिस जारी किया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक, मंत्रालय के संपदा विभाग ने 24 अकबर रोड और 5 रायसीना रोड स्थित कार्यालयों को 28 मार्च तक खाली करने का नोटिस दिया है।
कांग्रेस का मुख्यालय 1978 से 24 अकबर रोड पर था, लेकिन अब यह 9ए कोटला मार्ग स्थानांरित हो चुका है। पार्टी अकबर रोड स्थित अपने पुराने मुख्यालय का इस्तेमाल एक कार्यालय के रूप में कर रही है।
कांग्रेस के दो अग्रिम संगठनों भारतीय युवा कांग्रेस और एनएसयूआई का मुख्यालय ‘5 रायसीना रोड’ पर है।
सूत्रों ने बताया कि नोटिस कुछ दिन पहले ही भेजा गया और इसमें पार्टी को एक सप्ताह का समय भी नहीं दिया गया।
पार्टी के सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस ने अभी तक इस मुद्दे पर अपनी रणनीति नहीं बनाई है और अचानक मिले नोटिस के मद्देनजर वह अदालत का दरवाजा भी खटखटाने पर विचार कर रही है।
कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा, लेकिन पार्टी सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि सरकार को नियम सभी पर समान रूप से लागू करना चाहिए।
भाषा हक हक शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
