राजकोट, 22 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस के गुजरात प्रभारी और राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला ने बृहस्पतिवार को मांग की कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार सौराष्ट्र और अन्य हिस्सों में सूखा घोषित करे, किसानों का फसल ऋण माफ करे तथा बिजली पारेषण लाइन से प्रभावित भूमि के लिए अधिक मुआवजा दे।
राजकोट में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि ‘वोट चोरी’ का मुद्दा भाजपा बनाम कांग्रेस का नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे से जुड़ा हुआ मामला है।
उन्होंने कहा कि इस साल सौराष्ट्र के कई जिलों में काफी कम बारिश हुई है और कपास तथा मूंगफली की फसल खराब होने से किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।
सुरजेवाला ने दावा किया, “पूरे गुजरात में और विशेष रूप से सौराष्ट्र में गंभीर सूखे की स्थिति है।”
उन्होंने कहा कि देवभूमि द्वारका में सामान्य से 84 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि पोरबंदर और जामनगर जिलों में क्रमशः 67 प्रतिशत और 50 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि इसके बावजूद भाजपा सरकार ने हाल ही में विधानसभा को सूचित किया कि वह सूखा घोषित नहीं करेगी और न ही किसानों, उद्योगों या आम जनता को कोई राहत प्रदान करेगी।
द्वारका में जल संकट का जिक्र करते हुए सुरजेवाला ने दावा किया कि वहां 72 घंटे में केवल आधे घंटे ही पीने का पानी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर नर्मदा परियोजना से और पानी नहीं छोड़ा गया, तो राजकोट में पानी का भंडार 48 घंटे में खत्म हो सकता है।
कांग्रेस नेता ने बताया कि भादर बांध में महज 20 प्रतिशत पानी बचा है, जबकि क्षेत्र के अन्य जलाशयों में भी जलस्तर बेहद कम हो गया है।
भाषा सुमित पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.