scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशकांग्रेस नेताओं को असम भाजपा में शामिल होने के लिए 'निर्धारित कार्यक्रम' का पालन करना होगा : हिमंत

कांग्रेस नेताओं को असम भाजपा में शामिल होने के लिए ‘निर्धारित कार्यक्रम’ का पालन करना होगा : हिमंत

Text Size:

गुवाहाटी, 23 फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि राज्य में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने का एक “कार्यक्रम” है, और अंततः, विपक्षी दल में कोई भी हिंदू नहीं रहेगा।

शर्मा ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल होने की कोशिश करेंगे, लेकिन उन सभी को टिकट देना संभव नहीं होगा।

शर्मा ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा के इस्तीफे और भाजपा में शामिल होने के बाद और अधिक नेताओं के भाजपा में शामिल होने की संभावना पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा, “एक कार्यक्रम तय है और वे (कांग्रेस नेता) उसी के अनुसार शामिल होंगे। कुछ 2027 में शामिल होंगे, कुछ 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले और अन्य 2031 के विधानसभा चुनावों से पहले शामिल होंगे।”

उन्होंने कहा कि भाजपा ने आगामी संसदीय चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है क्योंकि “विधानसभा और लोकसभा दोनों चुनाव हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं।”

जब मुख्यमंत्री से पूछा गया कि क्या इस साल के विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस के और विधायक भाजपा में शामिल होंगे, तो उन्होंने कहा, “भाजपा में अभी कोई रिक्ति नहीं है। अगर हम अभी विधायकों को लाएंगे, तो उन्हें टिकट कैसे देंगे?”

उन्होंने कहा कि भाजपा ने उम्मीदवारों की सूची लगभग तय कर ली है और शेष उम्मीदवारों पर सहयोगियों के साथ चर्चा की जाएगी। उन्होंने आगे कहा, “दिल्ली में अंतिम चर्चा के बाद सूची की घोषणा की जाएगी।”

राज्य की 126 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है।

भाषा प्रशांत माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments