नोएडा (उत्तर प्रदेश), 13 जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को समन किये जाने के मामले में अपने नेता के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने आए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें कथित रूप से हिरासत में ले लिया है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली में कथित रूप से हिरासत में लिए गए पार्टी के नेताओं में कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी शामिल हैं, जिन्हें मंदिर मार्ग थाने में रखा गया है।
पुलिस ने गौतमबुद्ध नगर जिले के पार्टी पदाधिकारियों में शामिल पवन शर्मा, अनिल यादव, बिपिन पहलवान और उदयवीर यादव को हिरासत में लिया है।
कांग्रेस नेता अनिल यादव ने आरोप लगाया, ‘‘ईडी केन्द्र की भाजपा नीत सरकार के इशारों पर काम कर रही है।’’
इसबीच, युवा कांग्रेस की पश्चिमी उत्तर प्रदेश इकाई ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता व महासचिव के. सी. वेणुगोपाल के साथ दिल्ली में पुलिस कथित रूप से बदसलूकी कर रही है।
भाषा अर्पणा दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.