scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशराजस्थान में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत से जीत रही है: गहलोत

राजस्थान में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत से जीत रही है: गहलोत

Text Size:

जयपुर, 19 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक सर्वेक्षण का हवाला देते हुए बुधवार को विश्वास जताया कि राज्‍य में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर स्पष्ट बहुमत से जीतेगी।

प्रदेश में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।

गहलोत ने जयपुर में बिड़ला सभागार में आयोजित पार्टी कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा, ‘हमने एक सर्वेक्षण करवाया है, और परिणाम स्पष्ट है। कांग्रेस स्पष्ट बहुमत से जीत रही है।’

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 24 अप्रैल से राज्य भर में आयोज‍ित होने वाले ‘महंगाई राहत शिविर’ के माध्‍यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को हर गांव तक ले जाने में तत्पर रहने का आग्रह किया।

राजस्थान सरकार की ओर से 24 अप्रैल से आयोजित महंगाई राहत शि‍व‍िर लगाए जा रहे हैं जिनमें सरकार की 10 प्रमुख योजनाओं के लिए रजिस्ट्रेशन होगा और विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

गहलोत ने कार्यकर्ताओं से राजनीति से प्रभावित हुए बगैर जनसेवा करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, ‘कार्यकर्ता राजनीति से प्रभावित हुए बगैर जनसेवा करें। बचत, राहत, बढ़त को हर गांव तक ले जाने में तत्पर रहें। हमारी अपील है कि मिशन 2030 के तहत राजस्थान को नं 1 बनाने में अपना योगदान दें।’

उन्होंने कहा, ‘हम यहां लोगों की सेवा करने के लिए हैं, न कि राजनीति करने के लिए। कार्यकर्ता जनसेवा में महंगाई राहत शिविर पर जागरूकता फैलाएं। महंगाई राहत शिविर में कड़ी मेहनत करने वाले जन समर्पित कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान मिलेगा।’

पार्टी प्रवक्‍ता के अनुसार गहलोत ने कहा, ‘ देश में बदलाव की शुरुआत राजस्थान से करनी है क्योंकि राजस्थान में कांग्रेस के चुनाव जीतने के पश्चात पूरे देश में कांग्रेस की राह प्रशस्त होगी।’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान का राजस्थान के नेताओं पर पूर्ण विश्वास है जिसे कायम रखते हुए राजस्थान के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पार्टी की मजबूती के लिये कार्य करना है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता प्रदेश में पुन: कांग्रेस की सरकार बनाना चाहती है किन्तु यह सब कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर ही सम्भव होगा।

कांग्रेस पार्टी राजस्थान में चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, मुफ्त अन्नपूर्णा भोजन पैकेट योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं को सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रही है।

कार्यशाला को राजस्थान के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेश अध्‍यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी संबोधित किया।

भाषा कुंज पृथ्वी रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments