scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशकांग्रेस आलाकमान और मुख्यमंत्री ही कर्नाटक मंत्रिमंडल में फेरबदल पर निर्णय लेंगे: परमेश्वर

कांग्रेस आलाकमान और मुख्यमंत्री ही कर्नाटक मंत्रिमंडल में फेरबदल पर निर्णय लेंगे: परमेश्वर

Text Size:

बेंगलुरु, 20 मार्च (भाषा) कर्नाटक के गृहमंत्री जी परमेश्वर ने शुक्रवार को कहा कि मंत्रिमंडल में फेरबदल से संबंधित कोई भी निर्णय पूरी तरह से कांग्रेस आलाकमान और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया पर निर्भर करता है।

उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब पार्टी के कई विधायक मंत्री पद की मांग जोर-शोर से उठा रहे हैं।

गृहमंत्री ने पत्रकारों के साथ बातचीत में विधायकों के इच्छा व्यक्त करने के अधिकार का बचाव करते हुए कहा,‘‘आकांक्षाएं रखना स्वाभाविक है और मंत्री पद की मांग करने में कोई बुराई नहीं है। विधायकों द्वारा अवसर मांगने में क्या गलत है? अवसर देना है या नहीं, यह आलाकमान का निर्णय है… यह मुख्यमंत्री का विवेक है…।’’

परमेश्वर ने कहा कि आलाकमान इन मामलों पर गौर करेगा और आगे क्या करना है, इसका निर्णय लेगा।

तीन से अधिक बार विधायक रह चुके वरिष्ठ कांग्रेस विधायकों के एक समूह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उनसे मंत्रिमंडल में फेरबदल करने एवं उन्हें मंत्री पद का अवसर देने की अपील की।

लगभग 40 विधायकों ने उपचुनाव के बाद 11 अप्रैल को नयी दिल्ली जाने की योजना बनाई है, ताकि वे कांग्रेस आलाकमान से मिल सकें और फेरबदल के दौरान उनमें से कम से कम 20 को मंत्रिमंडल में शामिल करने के विषय पर चर्चा कर सकें।

कर्नाटक में नौ अप्रैल को बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होंगे।

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments