भुवनेश्वर, छह नवंबर (भाषा) कांग्रेस की ओडिशा इकाई ने चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण हुए भूस्खलन में मारे गए लोगों के परिजनों को कम से कम 20-20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की शुक्रवार को मांग की।
यह चक्रवात पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था और ओडिशा के दक्षिणी इलाकों को बुरी तरह प्रभावित किया था।
विपक्षी पार्टी ने गंजाम जिले के किसानों के कृषि ऋण पूरी तरह माफ करने की भी मांग की। उसका आरोप है कि चक्रवात और उसके बाद आई बाढ़ से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है और किसानों की आजीविका प्रभावित हुई है।
बाढ़ प्रभावित गंजाम जिले के दौरे पर गए पार्टी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) अध्यक्ष भक्त चरण दास ने ये मांगें रखीं।
दास ने कंधमाल-गंजाम जिला सीमा के पास, भंजनगर प्रखंड के घिदिपाबली गांव में भूस्खलन के कारण मारे गए लोगों के परिजनों और घायलों से मुलाकात की।
एक अधिकारी ने बताया कि पहाड़ी पर बसे गांव में भूस्खलन वाली जगह से कम से कम सात शव बरामद किए गए हैं, जबकि छह लापता लोगों का पता लगाने के लिए खोज और बचाव अभियान जारी है।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.