scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशमहिला आरक्षण की पैरोकारी करने के चलते प्रधानमंत्री मोदी को अपशब्द कह रही कांग्रेस : भाजपा

महिला आरक्षण की पैरोकारी करने के चलते प्रधानमंत्री मोदी को अपशब्द कह रही कांग्रेस : भाजपा

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘‘आतंकवादी’’ कहे जाने की निंदा करते हुए कहा कि यह मुख्य विपक्षी दल की मानसिकता को दर्शाता है और जनता उन्हें मुंहतोड़ जवाब देगी।

सत्तारूढ़ दल ने दावा किया कि खरगे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इशारे पर मोदी के खिलाफ इस तरह की अपमानजनक टिप्पणी की है क्योंकि प्रधानमंत्री लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना चाहते हैं।

भाजपा की प्रतिक्रिया उस वक्त आई, जब खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर विपक्ष को दबाने के लिए सरकारी तंत्र और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर राजनीतिक दलों और लोगों को आतंकित करने का आरोप लगाया।

चेन्नई में कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, खरगे ने अन्नाद्रमुक के भाजपा के साथ गठजोड़ की आलोचना करते हुए शुरुआत में प्रधानमंत्री को ‘‘आतंकवादी’’ कहा।

हालांकि, जब संवाददाताओं ने उनसे टिप्पणी के संदर्भ को स्पष्ट करने का आग्रह किया, तो कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनका यह मतलब था कि प्रधानमंत्री देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को ‘‘आतंकित’’ कर रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘वह लोगों और राजनीतिक दलों को आतंकित कर रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह (शाब्दिक अर्थ में) आतंकवादी हैं। आतंकित करने का यह अभिप्राय है… वह अपने पद की शक्ति और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रहे हैं और विपक्षी दलों को अपशब्द कह रहे हैं।’’

खरगे की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया, वह न केवल निंदनीय है, बल्कि कांग्रेस पार्टी की मानसिकता को भी दर्शाता है। खरगे ने उन्हें आतंकवादी कहा।’’

पात्रा ने खरगे के स्पष्टीकरण को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने राहुल गांधी के इशारे पर जानबूझकर प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहा।

भाजपा सांसद ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘यह जुबान फिसलने का मामला नहीं है। यह जानबूझकर किया गया है। चाहे वह कोई भी स्पष्टीकरण दे रहे हों, यह कांग्रेस की सोची-समझी साजिश है।’’

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘आप देख रहे होंगे कि पिछले कुछ दिनों से राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं। राहुल गांधी प्रतिदिन अपने भाषणों में प्रधानमंत्री का अपमानजनक ढंग से जिक्र करते हैं।’’

पात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री को लगातार कोसते रहते हैं क्योंकि उनकी सरकार विभिन्न योजनाओं के तहत हर घर में पानी, सभी को आवास और मुफ्त राशन मुहैया करा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री को ‘‘आतंकवादी’’ कहा है, सिर्फ इसलिए कि वह लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण चाहते हैं।

पात्रा ने कहा, ‘‘यह वही कांग्रेस पार्टी है जो ओसामा बिन लादेन को ओसामा जी कहकर संबोधित करती थी और दुर्दांत आतंकवादियों के साथ खड़ी नजर आती है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को आतंकवादी कहती है। यह वही कांग्रेस पार्टी है जिसने जाकिर नाइक को ‘शांति दूत’ बताया था, लेकिन यह प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहती है।’’

भाषा सुभाष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments