scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशगाजीपुर में सपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में झड़प, 10 लोग गिरफ्तार

गाजीपुर में सपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में झड़प, 10 लोग गिरफ्तार

Text Size:

गाजीपुर (उप्र), 22 अप्रैल (भाषा) गाजीपुर जिले के करंडा क्षेत्र के कटारिया गांव में स्थानीय लोगों और समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं के बीच पथराव और झड़प होने के बाद 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि ‘‘सत्ता-संरक्षित दबंग तत्वों’’ और गांव के प्रधान ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमला किया।

उन्होंने इस घटना को ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पर हमला करार देते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गाजीपुर, करंडा, कटारिया गांव में विश्वकर्मा समाज की एक युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल व सपा कार्यकर्त्ताओं के साथ-साथ पुलिस पर भी सत्ता पोषित वर्चस्ववादी गांव के प्रधान द्वारा पथराव व प्राणघातक हमला किया गया। दोषियों को तुरंत गिरफ़्तार करके, उन के खिलाफ़ दंडात्मक कार्रवाई हो।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस हमले में पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा समेत कई लोग घायल हुए हैं। भाजपा राज में न गांव सुरक्षित हैं, न शहर। उत्तर प्रदेश अराजकता के सबसे ख़राब दौर से गुजर रहा है। प्रभुत्ववादियों का पीडीए पर हमला दरअसल 95 प्रतिशत आबादी पर हमला है।’’

गाजीपुर के कटारिया गांव में तीन दिन पहले गंगा नदी से एक लड़की का शव बरामद किया गया था। सपा विधायकों और पूर्व मंत्रियों का एक प्रतिनिधिमंडल लड़की के परिजन से मिलने गया था।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन ने शुरू में सपा जिलाध्यक्ष को पार्टी प्रतिनिधिमंडल का दौरा नहीं कराने की सलाह दी थी क्योंकि शोक संतप्त परिवार और गांव के लोग लड़की की मौत पर दिए जा रहे ‘अनावश्यक ध्यान’ से नाखुश थे।

सिंह ने कहा, ‘‘समूह को 15 लोगों तक सीमित रखने के लिए कहे जाने के बावजूद आज लगभग 200 समर्थक गांव पहुंच गए। उनके दौरे के दौरान, कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे झड़प हो गई और ग्रामीणों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।’’

उन्होंने बताया कि इस घटना में करंडा के थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक इराज राजा ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और गांव में व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।’’

राजा ने बताया कि मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था और नामजद आरोपी को विधिक प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया गया था। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि लड़की की मौत डूबने से हुई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है, क्योंकि मृतका और मुख्य आरोपी के बीच पहले से संबंध थे।’’

भाषा सं सलीम धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments