नयी दिल्ली, 26 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लेख का हवाला देते हुए आपातकाल और नक्सलवाद को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विपक्ष दल से ‘लोकतांत्रिक’ और ‘संवैधानिक अधिकारों’ के हनन के आरोपों पर जवाब देने की मांग की।
देश में हर साल 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ मनाया जाता है। यह दिन 1949 में भारत के संविधान को अंगीकार किए जाने की याद में मनाया जाता है।
मोदी के लेख का हवाला देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि इसमें – आपातकाल के जरिये कांग्रेस द्वारा लोकतंत्र को कुचलना, कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद का फलना-फूलना और नक्सली हिंसा को वैचारिक संरक्षण देने वाले लोग, जैसे तीन बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।
भंडारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस ने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र को कुचल दिया और भारतीयों के संवैधानिक अधिकारों को रौंदा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद फला-फूला और इसने आदिवासी समुदायों के लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों को कुचल दिया।’’
उन्होंने कहा कि नक्सली हिंसा को ‘वैचारिक संरक्षण’ देने वाले लोग भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘दिमागी नक्सलियों’ को मिलने वाले राजनीतिक संरक्षण पर भी सवाल उठाए जाने चाहिए।
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के लेख में इस बात को रेखांकित किया गया है कि सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और नागरिकों के कर्तव्यों के जरिये संवैधानिक मूल्यों को किस तरह अमल में लाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी कि विपक्ष की प्रमुख पार्टी ‘विरोध पक्ष’ के बजाय ‘अवरोध पक्ष’ बन गई है, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालने के बजाय जिम्मेदार लोकतांत्रिक आचरण की आवश्यकता को रेखांकित करती है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संविधान दिवस पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और डॉ. भीमराव आंबेडकर समेत संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया।
उन्होंने नागरिकों से संवैधानिक मूल्यों और कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय संविधान करोड़ों नागरिकों के जीवन का अभिन्न हिस्सा है, जिनमें वह स्वयं भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की असाधारण भावना ने एक साधारण और वंचित पृष्ठभूमि के बालक को भी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करने में सक्षम बनाया है।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि एक दल ने अपने शासनकाल में संविधान को कमजोर किया। उन्होंने 2019 में अनुच्छेद 370 और 35ए को निरस्त करने के अपनी सरकार के फैसले को ‘एक ऐतिहासिक गलती को सुधारने’ वाला कदम बताया। उनके अनुसार, इन अनुच्छेदों के कारण जम्मू कश्मीर में संविधान को पूरी तरह लागू नहीं किया जा सका था।
मोदी ने बृहस्पतिवार को प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित अपने हस्ताक्षरित लेख में यह भी कहा कि उनकी सरकार का प्रयास संविधान को आम लोगों, खासकर युवाओं की सामूहिक चेतना से जोड़ने और भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए जरूरी एकता की भावना को मजबूत करना रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत जैसे विविधतापूर्ण देश में, जहां अनेक धर्म, भाषाएं, रीति-रिवाज और विचारधाराएं हैं, यह जरूरी है कि संविधान की गूंज संसद और अदालतों की सीमाओं से कहीं आगे तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से एक दशक से भी अधिक समय पहले केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था।
भाषा गोला शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.