नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) सिनेमा पर लिखने वाली अनुभवी पत्रकार अन्ना एम एम वेट्टिकैड को शुक्रवार को प्रतिष्ठित चमेली देवी जैन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उनके साथ ही ‘द वायर’ की वरिष्ठ सहायक संपादक सुकन्या शांता को निडर पत्रकारिता के लिए विश्वनाथ-दिल्ली प्रेस पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया वहीं लैंगिक मुद्दों पर पत्रकारिता के लिए स्वतंत्र पत्रकार निधि सुरेश को कमला मानकेकर पुरस्कार 2025 प्रदान किया गया।
ये तीन प्रतिष्ठित पत्रकारिता पुरस्कार प्रतिवर्ष दि मीडिया फाउंडेशन (टीएमएफ) द्वारा दिए जाते हैं। इस साल शुक्रवार को नयी दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में टीएमएफ के वार्षिक समारोह में ये पुरस्कार प्रदान किए गए।
वरिष्ठ पत्रकार और ‘पीपुल्स आर्काइव ऑफ रूरल इंडिया’ (पीआरआई) के संस्थापक-संपादक पी. साईनाथ ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
प्रत्येक पुरस्कार में 50,000 रुपये नकद, एक ट्रॉफी और एक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।
मीडिया प्रतिष्ठान ‘न्यूजलॉन्ड्री’ के विशेष संवाददाता शिवनारायण राजपुरोहित को निडर पत्रकारिता के लिए विश्वनाथ दिल्ली प्रेस पुरस्कार 2025 में ‘विशेष उल्लेख’ प्राप्त हुआ।
मीडिया प्रतिष्ठान क्वीरबीट की संवाददाता एकता सोनावाने और बीबीसी न्यूज़ गुजराती के तेजस वैद्य को भी कमला मानकेकर पुरस्कार 2025 में ‘विशेष उल्लेख’ प्राप्त हुआ।
‘विशेष उल्लेख’ विजेताओं को एक पट्टिका और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस संध्या पर पी. साईनाथ ने 12वां बीजी वर्गीस स्मृति व्याख्यान भी दिया।
यह स्मृति व्याख्यान टीएमएफ के संस्थापक सदस्यों में से एक और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए मुखर संपादक बी.जी. वर्गीस की स्मृति में स्थापित किया गया है।
टीएमएफ एक गैर-लाभकारी संस्था है जिसकी स्थापना 1979 में आपातकाल के बाद देश में अभिव्यक्ति और सूचना की स्वतंत्रता को बनाए रखने के उद्देश्य से की गई थी।
भाषा पवनेश अविनाश नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.