scorecardresearch
Friday, 14 August, 2026
होमदेशमुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ मेट्रो गलियारे के निर्माण कार्य की शुरुआत की

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ मेट्रो गलियारे के निर्माण कार्य की शुरुआत की

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मेट्रो के 12.377 किलोमीटर लंबे इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ गलियारे के निर्माण कार्य की बृहस्पतिवार को शुरुआत की।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, मैजेंटा लाइन (लाइन-8) का यह गलियारा पूरी तरह भूमिगत होगा और इसमें इंद्रलोक, दया बस्ती, सराय रोहिल्ला, अजमल खां पार्क, झंडेवालान मंदिर, नबी करीम, नई दिल्ली, दिल्ली गेट, दिल्ली सचिवालय-आईजी स्टेडियम और इंद्रप्रस्थ सहित कुल 10 आधुनिक भूमिगत मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे।

इसमें कहा गया है कि गुप्ता ने सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन निर्माण स्थल पर इस गलियारे का निर्माण कार्य शुरू किया।

इसके बाद सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन पर ‘डायफ्राम वॉल’ (जमीन के अंदर बनाई जाने वाली मजबूत सुरक्षा दीवार के) निर्माण कार्य की शुरुआत की गई, जो इस महत्वपूर्ण परियोजना का पहला निर्माण चरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली मेट्रो केवल एक परिवहन व्यवस्था नहीं, बल्कि विकसित दिल्ली की आधारशिला है।

गुप्ता ने कहा, “दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार स्वच्छ पर्यावरण और सतत विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। अधिक से अधिक नागरिकों के सार्वजनिक परिवहन से जुड़ने पर निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, जिससे यातायात जाम, ईंधन की खपत एवं कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी।”

उन्होंने कहा कि इससे राजधानी की वायु गुणवत्ता में सुधार होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी नई मजबूती मिलेगी।

बयान अनुसार, परियोजना पूरी होने के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 89 किलोमीटर हो जाएगी, जिससे यह दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन बन जाएगी। इसके साथ ही इस लाइन पर सबसे अधिक इंटरचेंज और भूमिगत स्टेशन होंगे, जिससे राजधानी के विभिन्न हिस्सों के बीच यात्रा पहले से अधिक तेज, आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

यह गलियारा दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की सात प्रमुख लाइनों से जुड़कर राजधानी की संपर्क सेवा को नई ऊंचाई प्रदान करेगा। इंद्रलोक स्टेशन पर रेड लाइन एवं ग्रीन लाइन, नबी करीम पर मैजेंटा लाइन, नई दिल्ली स्टेशन पर येलो लाइन एवं एयरपोर्ट एक्सप्रेस (ऑरेंज लाइन), दिल्ली गेट पर वायलेट लाइन और इंद्रप्रस्थ स्टेशन पर ब्लू लाइन से अंतर-परिवर्तन की सुविधा उपलब्ध होगी।

भाषा नोमान

नोमान माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments