scorecardresearch
Saturday, 23 May, 2026
होमदेशमुख्यमंत्री मान और अरविंद केजरीवाल ने गुरुग्राम जेल में बंद संजीव अरोड़ा से मुलाकात की

मुख्यमंत्री मान और अरविंद केजरीवाल ने गुरुग्राम जेल में बंद संजीव अरोड़ा से मुलाकात की

Text Size:

चंडीगढ़/ गुरुग्राम, 23 मई (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को हरियाणा के गुरुग्राम में जेल में कैद पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा से मुलाकात की।

अरोड़ा कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये के धनशोधन मामले में गुरुग्राम की भोंडसी जेल में न्यायिक हिरासत में हैं।

गुरुग्राम की एक अदालत ने 19 मई को अरोड़ा की दो दिन की विस्तारित हिरासत अवधि पूरी होने के बाद उन्हें दो सप्ताह के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक मान और केजरीवाल अपराह्न करीब दो बजे अरोड़ा से मिलने के लिए भोंडसी जेल पहुंचे और यह मुलाकात करीब 20 मिनट तक चली।

पुलिस ने मान और केजरीवाल के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।

आम आदमी पार्टी (आप) के 62 वर्षीय नेता अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय ने नौ मई को चंडीगढ़ स्थित उनके आधिकारिक आवास से गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये के जीएसटी धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले में छापेमारी के बाद की गई थी।

अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद ‘आप’ ने केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए उस पर पार्टी नेताओं को डराकर भाजपा में शामिल कराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था।

पंजाब सरकार ने अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद उनके विभागों को तीन अन्य मंत्रियों को सौंप दिया, लेकिन मंत्री पद पर बनाए रखा।

अदालत इस मामले में अगली सुनवाई एक जून को करेगी।

भाषा धीरज गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments