scorecardresearch
Friday, 14 August, 2026
होमदेशअसम के बाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए छत्तीसगढ़ सरकार देगी पांच करोड़ रुपये

असम के बाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए छत्तीसगढ़ सरकार देगी पांच करोड़ रुपये

Text Size:

रायपुर, 10 अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ सरकार ने असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए पांच करोड़ रुपए की सहायता राशि देने का फैसला किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि असम में बाढ़ से उत्पन्न गंभीर परिस्थितियों के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मानवीय संवेदना और अंतरराज्यीय सहयोग की भावना के साथ बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से पांच करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया कि यह राशि असम में जारी राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए प्रदान की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने रविवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से फोन पर चर्चा कर राज्य में बाढ़ से उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ की जनता असम के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी एकजुटता से खड़ी है।

एक आधिकारिक बुलेटिन के अनुसार असम में बाढ़ की स्थिति सोमवार को भी गंभीर बनी रही। दो और लोगों की मौत के बाद बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 100 हो गई है, जबकि सात जिलों में करीब 1.4 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की एक अधिकारी ने बताया कि कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे नए इलाकों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

प्राधिकरण के रविवार रात जारी दैनिक बाढ़ बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों में गोलाघाट और कार्बी आंगलोंग जिलों में बाढ़ के कारण दो लोगों की मौत हुई है।

इन मौतों के साथ, इस साल बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 100 हो गई है।

फिलहाल असम में 456 गांव बाढ़ की चपेट में हैं, जबकि 11,933.46 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है।

भाषा संजीव रंजन शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments