scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशकेंद्र ने आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति का आश्वासन दिया है: अब्दुल्ला

केंद्र ने आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति का आश्वासन दिया है: अब्दुल्ला

Text Size:

जम्मू, 28 मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा कि केंद्र ने आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति का आश्वासन दिया है। अब्दुल्ला ने उभरती वैश्विक चुनौतियों के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय एकता के आह्वान को रेखांकित किया।

अब्दुल्ला ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में ईंधन और एलपीजी समेत आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और उन्होंने लोगों से शांत रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने कल (शुक्रवार) एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई, जिसमें उन पांच राज्यों को छोड़कर जहां चुनाव हो रहे हैं, देशभर के मुख्यमंत्री शामिल हुए।’’

मुख्यमंत्री ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘बैठक के दौरान, कैबिनेट सचिव ने मौजूदा स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुति दी, जिसमें वैश्विक घटनाक्रम, विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य और पश्चिम एशिया में तनाव और उनके संभावित प्रभाव पर ध्यान केंद्रित किया गया।’’

अब्दुल्ला ने कहा कि मुख्यमंत्रियों को सूचित किया गया है कि आवश्यक वस्तुओं, विशेष रूप से ईंधन की निर्बाध आपूर्ति बनाये रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत सरकार ने आश्वासन दिया है कि किसी भी आवश्यक वस्तु की कोई कमी नहीं है।’’

मुख्यमंत्री ने जनता से शांति बनाये रखने की अपील करते हुए कहा कि गलत सूचनाओं के कारण हाल में जम्मू-कश्मीर में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और लोग घबराकर एलपीजी सिलेंडर खरीदने लगे।

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आपूर्ति की स्थिति पर प्रतिदिन नजर रख रही है।

अब्दुल्ला ने कहा, “फिलहाल एलपीजी सिलेंडर, डीजल, पेट्रोल या केरोसिन की कोई कमी नहीं है। भारत सरकार ने निर्बाध आपूर्ति का आश्वासन दिया है।’’

भाषा

देवेंद्र संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments