scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशसीबीएसई ने पश्चिम एशिया में रद्द हुई 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए मूल्यांकन योजना की घोषणा की

सीबीएसई ने पश्चिम एशिया में रद्द हुई 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए मूल्यांकन योजना की घोषणा की

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने पश्चिम एशिया क्षेत्र में कक्षा 10वीं की परीक्षाओं के लिए एक विस्तृत मूल्यांकन योजना की घोषणा की है, जिन्हें बढ़ते संघर्ष के बीच रद्द कर दिया गया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में मौजूदा स्थिति की गहन समीक्षा के बाद परीक्षाएं रद्द कर दी गईं।

सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज के अनुसार, 17 से 28 फरवरी तक निर्धारित परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। इस दौरान गणित, अंग्रेजी और विज्ञान सहित छह शैक्षणिक विषयों की परीक्षाएं हुईं। इसके अतिरिक्त, 16 भाषा विषय और 22 कौशल विषय की परीक्षाएं भी आयोजित की गईं।

बोर्ड ने उम्मीदवारों को पांच श्रेणियों में विभाजित किया है- वे छात्र जो सभी परीक्षाओं में उपस्थित हुए, वे छात्र जो चार परीक्षाओं में उपस्थित हुए, वे छात्र जो तीन परीक्षाओं में उपस्थित हुए, वे छात्र जो दो परीक्षाओं में उपस्थित हुए और वे छात्र जो कंपार्टमेंट श्रेणी के तहत पंजीकृत हैं।

भारद्वाज ने कहा, ‘‘सभी परीक्षाओं में शामिल हुए छात्रों के परिणाम परीक्षा में उनके प्रदर्शन के आधार पर घोषित किए जाएंगे। जिन छात्रों ने चार विषयों में परीक्षा दी है, उनके परिणाम उन विषयों में प्राप्त अंकों के औसत के आधार पर घोषित किए जाएंगे, जिनमें छात्रों का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा है। ये अंक उन तीन विषयों में प्राप्त अंकों के औसत के आधार पर होंगे जिनकी परीक्षा आयोजित नहीं की गई है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जिन छात्रों ने तीन विषयों में परीक्षा दी है, उनके उन विषयों के परिणाम, जिनकी परीक्षाएं आयोजित नहीं हुई हैं, दो सबसे अच्छे अंकों वाले विषयों के औसत के आधार पर घोषित किए जाएंगे।’’

परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि केवल दो विषयों की परीक्षा में बहुत कम छात्र उपस्थित हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उनके परिणाम शेष विषय में दोनों विषयों के अंकों के औसत के आधार पर घोषित किए जाएंगे।’’

पश्चिम एशिया के छात्रों के परिणाम अन्य छात्रों के साथ ही घोषित किए जाएंगे। नीति के अनुसार, छात्रों को दूसरी बोर्ड परीक्षा के माध्यम से अपने प्रदर्शन में सुधार करने का अवसर दिया जाएगा।

भाषा आशीष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments